इनकम टैक्स वकील के घर चोरी-लूट का खुलासा:नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, कैश और गहने बरामद

Dec 3, 2025 - 08:27
 0  0
इनकम टैक्स वकील के घर चोरी-लूट का खुलासा:नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, कैश और गहने बरामद
सतना। कोलगवां पुलिस ने इनकम टैक्स वकील के घर हुई चोरी और लूट की वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से नकदी और सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। इस मामले में एक आरोपी अब भी फरार है। यह वारदात चार दिन पहले बांधवगढ़ कॉलोनी स्थित वकील के घर में हुई थी। बीते 29 नवंबर की शाम को आईटीआई कॉलेज के पीछे रहने वाले सुमित कुमार बाल्मीक (35) अपने घर में ताला लगाकर शादी समारोह में पन्ना गए थे। रात करीब साढ़े 9 बजे उनके पड़ोसी ने घर में किसी के घुसने की सूचना दी। पर्स छीना और मारपीट की सूचना मिलते ही सुमित के भाई अनुज बाल्मीक तुरंत मौके पर पहुंचे। उनकी आहट सुनकर घर के अंदर से कुछ बदमाश तेजी से बाहर निकले। बदमाशों ने अनुज के साथ मारपीट की और उनका पर्स छीन लिया, जिसमें नकदी और कुछ कागजात रखे थे। चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवर भी चुरा लिए थे। पुलिस ने शिकायत मिलने पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने राम बंशकार (23), समीर बंशकार (19), धीरज बंशकार (23) और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। राम बंशकार आईटीआई बसोर बस्ती का निवासी है, जबकि समीर और धीरज नारायण तालाब बस्ती के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने विजय बंशकार (19) के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुछ गहने और नकदी बरामद की है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को बुधवार सुबह कोर्ट में पेश किया जाएगा। विजय बंशकार अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0