रेप के आरोपी सलमान के एनकाउंटर की इनसाइड स्टोरी:गिरफ्तारी के बाद चेहरे पर शिकन नहीं, गोली लगते ही बीपी-पल्स बढ़ी; बच्ची को सॉफ्ट टारगेट समझा था
भोपाल के गांधी नगर इलाके से 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान को गुरुवार रात पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद करीब चार घंटे तक वह पुलिस की हिरासत में रहा। इस दौरान उसके चेहरे पर न पछतावा दिखा और न ही कोई तनाव। रात 11:15 बजे गिरफ्तारी के बाद इलाके में तनाव और गुस्सा बढ़ने लगा, जिसके चलते गांधी नगर पुलिस उसे तुरंत थाने से दूसरी जगह ले गई। रात करीब 12:30 बजे आरोपी सलमान को रायसेन पुलिस के सुपुर्द किया गया। रायसेन टीम उसे भोपाल से गौहरगंज ले जा रही थी। रास्ते में पूछताछ के दौरान उसने बताया कि बच्ची उसे सॉफ्ट टारगेट लगी थी। आरोपी ने कहा कि उसे अंदाजा नहीं था कि मामला इतना बड़ा हो जाएगा और उसकी पहचान उजागर हो जाएगी। उसका कहना था कि वह बच्ची के साथ गलत काम कर उसे छोड़ देना चाहता था, लेकिन जब बच्ची शोर मचाने लगी तो पकड़े जाने के डर से उसने उसके साथ मारपीट भी की। वारदात के बाद बच्ची की हालत बिगड़ती देख आरोपी मौके से भाग निकला। जंगल के रास्तों से होकर वह 11 मील होते हुए भोपाल पहुंचा। शहर में उसने अलग-अलग फुटपाथों पर रातें गुजारीं। उसके पास मौजूद थोड़े पैसे से वह समोसा, कचौड़ी और पोहा खाकर गुजर करता रहा। पहचान छिपाने के लिए वह लगातार मास्क लगाए रहा। आउटर रूट से घूमते हुए वह दोबारा गांधी नगर पहुंच गया और गिरफ्तारी से एक रात पहले तक वहीं छिपा हुआ था। दिनभर कमरे की तलाश में भटकता रहा आरोपी गिरफ्तारी से पहले आरोपी सलमान पूरे दिन किराए के कमरे की तलाश में भटकता रहा। उसने कई लोगों से खाली कमरे को लेकर पूछताछ की थी। इसी दौरान कुछ युवकों की नजर उस पर पड़ी। कमरे की तलाश में लगातार घूमते देख उन्होंने उसे रोका और पूछताछ की। व्यवहार संदिग्ध लगने पर युवकों ने उसे अपने पास ही बैठाए रखा और बाद में दो पुलिसकर्मियों के हवाले कर दिया। अब जानिए, कैसे बनी मुठभेड़ की नौबत डीसीपी आशुतोष गुप्ता के अनुसार, गांधीनगर से आरोपी सलमान को लेकर पुलिस टीम रवाना हुई थी। कीरतनगर के पास आगे चल रही गाड़ी का टायर पंचर हो गया, जिसके कारण वाहन रुक गया। पुलिस अधिकारी नीचे उतरे, तभी आरोपी भी वाहन से उतर गया। इसी दौरान उसने सुल्तानगंज चौकी के एसआई श्याम राज की पिस्तौल छीनने की कोशिश की और पिस्तौल छीनकर उन पर फायर करने का प्रयास किया। आरोपी ने दो राउंड फायर भी किए। पुलिस टीम ने उसे चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना और फिर दोबारा फायरिंग करने लगा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने रोकने के लिए हवाई फायर किया। इसके बाद आत्मरक्षा में चार राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह गिर पड़ा। घायल आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर अस्पताल ले जाया गया। घटना तड़के करीब 3 से 3:30 बजे के बीच हुई। मौत के खौफ से बढ़ी पल्स और बीपी शॉर्ट एनकाउंटर के बाद आरोपी सलमान को सबसे पहले जेपी अस्पताल लाया गया। इलाज कर रहे एक डॉक्टर के अनुसार, सुबह करीब 4:45 बजे उसका मेडिकल परीक्षण किया गया। सलमान की पल्स रेट और ब्लड प्रेशर सामान्य से अधिक था, ऐसा मालूम हो रहा था कि वह भयभीत था। ज्यादा खून बहने के कारण वह बेहोशी की स्थिति में पहुंच रहा था। प्राथमिक इलाज के बाद उसे हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया। हमीदिया में उसके पैर की सर्जरी शुक्रवार शाम की गई। इसी दौरान भोपाल कोर्ट के एक मजिस्ट्रेट ने अस्पताल पहुंचकर उसकी स्थिति देखी और पुलिस को रिमांड सौंपी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की हालत स्थिर होने के बाद उसे अस्पताल से डिस्चार्ज करने के बाद आगे की पूछताछ की जाएगी। 21 नवंबरः बच्ची को चॉकलेट के बहाने जंगल ले गया 21 नवंबर की शाम 6 साल की बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। 23 वर्षीय आरोपी सलमान उसे चॉकलेट दिलाने के बहाने जंगल की ओर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म कर मौके से फरार हो गया था। बच्ची बाद में रोती हुई जंगल में मिली थी। बच्ची को इलाज के लिए भोपाल एम्स में भर्ती किया गया है, जहां उसकी हालत में सुधार हो रहा है। पुलिस ने आरोपी पर 30 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। आरोपी घटना के 6 दिनों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। इस घटना के बाद गौहरगंज सहित पूरे जिले में लोगों द्वारा आरोपी को फांसी और एनकाउंटर की मांग को लेकर प्रदर्शन किए जा रहे थे। अब्दुल, रिजवान और आसिफ की मदद से पकड़ा आरोपी समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, आरोपी को पकड़वाने में नई बस्ती में रहने वाले अब्दुल, रिजवान और आसिफ नाम के युवकों की अहम भूमिका थी। अब्दुल के मुताबिक, हम लोग बस स्टैंड पर थे। आसिफ भाई का फोन आया कि एक व्यक्ति किराए से कमरा मांग रहा है। उसने फोटो भेजा। मैं सोशल मीडिया पर एक्टिव हूं। मुझे ये रायसेन के आरोपी जैसा लगा। मैंने आसिफ से कहा- इसे रोक कर रखो। हम लोग आ रहे हैं। हमारे रिजवान भाई ने राहुल भाई गुरुजी पुलिस वाले हैं। उन्हें फोटो सेंड किया। उन्होंने कहा, उसे वहीं रोक कर रखो। तीनों युवकों का कहना था कि हमें इनाम के पैसे नहीं चाहिए। हम चाहते हैं कि वो पैसा पीड़ित लड़की को दिया जाए। दरिंदे को फांसी होनी चाहिए। सीएम ने रायसेन एसपी को पद से हटाया था मासूम से रेप के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हो रहे धरना प्रदर्शनों पर सरकार ने कड़ा रुख अपनाया था। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 26 नवंबर को पीएचक्यू में सीएस, डीजीपी, एडीजी इंटेलिजेंस, पुलिस कमिश्नर भोपाल समेत उच्च अधिकारियों की बैठक ली थी। सीएम ने आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाखुशी जताई थी। साथ ही चक्काजाम पर पुलिस की ढीली कार्रवाई से भी नाराजगी जताई थी। सीएम ने रायसेन एसपी पंकज पांडेय को तत्काल प्रभाव से हटाकर पुलिस हेडक्वार्टर अटैच करने का निर्देश दिया था। उनकी जगह आशुतोष गुप्ता को रायसेन का नया एसपी बनाया गया है। बुदनी के शाहगंज थाने का स्थायी वारंटी है सलमान बताया जाता है कि गौहरगंज दुष्कर्म का आरोपी सलमान बुदनी स्थायी वारंटी है। यह वारंट उसके खिलाफ 2019 में दर्ज घर में घुसकर मोबाइल चोरी के मामले में जारी हुआ था। यह मामला शाहगंज का है, जिसमें फरियादी आबिद खान (वार्ड शाहगंज निवासी) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि सलमान फरियादी के घर में घुसकर एक मोबाइल चुरा ले गया था। शाहगंज पुलिस ने उसे इस मामले में 28 अप्रैल 2019 को गिरफ्तार किया था। यह प्रकरण बुदनी न्यायालय में विचाराधीन था, लेकिन सलमान लगातार सुनवाई में अनुपस्थित रहता था। इसी वजह से बुदनी कोर्ट ने 2023 में उसे स्थायी वारंटी घोषित कर दिया था। घटनाक्रम से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें... 1. MP में बच्ची से रेप के आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर मध्य प्रदेश के रायसेन में 6 साल की बच्ची से रेप करने का आरोपी सलमान गुरुवार देर रात शॉर्ट एनकाउंटर में घायल हो गया। पुलिस जब उसे गौहरगंज ले जा रही थी, तभी उसने भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस को उसे पैर में गोली मारना पड़ी। आरोपी का भोपाल के हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर है। पढ़ें पूरी खबर... 2. 'पापा...जो अंकल घर आए थे, वही जंगल ले गए':पिता बोले- इतना कहकर बेटी बेहोश हुई 'बिटिया घर के सामने वाले रास्ते से लड़खड़ाती हुई आ रही थी। पूरी खून से लथपथ थी। मुझे देखते ही घबराहट में 'पापा' कहकर लिपट गई। बस इतना ही कह पाई कि जो अंकल घर आए थे, वही मुझे जंगल में ले गए। कहते-कहते उसकी आवाज टूट गई और वह मेरे ही हाथों में बेहोश होकर गिर पड़ी।' ये कहना है 6 साल की उस मासूम बच्ची के पिता का जिसके साथ 21 नवंबर की रात मध्य प्रदेश में रायसेन जिले के गौहरगंज क्षेत्र में दरिंदगी की गई। पढ़ें पूरी खबर 3. मासूम से दरिंदगी, गांव में बच्चों ने स्कूल जाना छोड़ा मासूम से दरिंदगी के बाद गौहरगंज स्थित गांव में दहशत इस कदर फैल चुकी है कि गांव के बच्चों ने स्कूल जाना ही बंद कर दिया है। आंगनबाड़ी से लेकर तीसरी कक्षा तक के छोटे-छोटे बच्चे पिछले तीन दिनों से स्कूल नहीं पहुंचे। एक महिला, जिनके दो बच्चे हैं, कहती हैं- बच्चों को डर लगता है। वह कहते हैं कि उन्हें कहीं कोई उठा न ले जाए। हम खुद भी स्कूल तक छोड़ने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं। पढे़ं पूरी खबर...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0