सिंगरौली के वार्ड 40 से 128 हाथ ठेले हटाए गए:बसस्टैंड-चौपाटी और मल्हार पार्क से हटाए गए अतिक्रमण, रविवार को चलेगा अभियान

Nov 8, 2025 - 18:10
 0  0
सिंगरौली के वार्ड 40 से 128 हाथ ठेले हटाए गए:बसस्टैंड-चौपाटी और मल्हार पार्क से हटाए गए अतिक्रमण, रविवार को चलेगा अभियान
सिंगरौली नगर पालिक निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को वार्ड क्रमांक 40 स्थित बस स्टैंड, चौपाटी और मल्हार पार्क के सामने सड़क पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान रविवार को भी जारी रहेगा। इस दौरान शारदा लॉज के सामने से बस स्टैंड तक की सड़क से 128 हाथ ठेले हटाए गए। इसके अतिरिक्त, 17 फल व्यापारियों को सड़क से हटाकर चौपाटी में स्थानांतरित किया गया है। कार्रवाई के दौरान बस स्टैंड तिराहे के पास कुछ फुटपाथी व्यापारियों से नगर निगम की टीम की बहस भी हुई। नगर निगम कमिश्नर सविता प्रधान ने बताया कि उन्होंने हाल ही में अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों और मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के स्पष्ट आदेश दिए थे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार लाना और नागरिकों को आवाजाही में होने वाली परेशानियों को दूर करना है। अभियान के तहत, निगम की टीम ने सड़क पर सब्जी और फल बेचने वालों को निगम द्वारा तय किए गए स्थलों पर दुकान लगाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार, नाश्ता, फुल्की और चाट का ठेला लगाने वालों को चौपाटी परिसर में निर्धारित स्थान पर ही अपना व्यापार संचालित करने को कहा गया। डिप्टी कमिश्नर आरपी वैश्य ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को समझाया कि नगर निगम ने सभी वर्गों के व्यापारियों के लिए पहले से स्थान निर्धारित कर रखे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सभी व्यापारी तय स्थलों से ही व्यवसाय करेंगे, तो न तो ट्रैफिक जाम होगा और न ही उन्हें बार-बार कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में सड़क पर दोबारा अतिक्रमण करने पर सामान जब्त करने के साथ-साथ चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।निगम अधिकारियों ने जानकारी दी कि यह अभियान अगले एक महीने तक लगातार चलाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण-मुक्त करना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है। नगर निगम की इस कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों ने राहत की उम्मीद जताई है, क्योंकि लंबे समय से सड़क पर ठेलों और दुकानों के कारण जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0