जबलपुर में अवैध ई-सिगरेट और विदेशी सिगरेट जब्त:4 पान दुकानों से बरामद की 3 लाख की प्रतिबंधित सिगरेट, मामला दर्ज

Apr 27, 2025 - 10:38
 0  0
जबलपुर में अवैध ई-सिगरेट और विदेशी सिगरेट जब्त:4 पान दुकानों से बरामद की 3 लाख की प्रतिबंधित सिगरेट, मामला दर्ज
थाना ओमती पुलिस ने शहर से प्रतिबंधित विदेशी और ई-सिगरेट (इलेक्ट्रॉनिक वेप) बेचने वाले 4 पान दुकानों पर कार्रवाई की। पुलिस ने इन दुकानों से 44 ई-सिगरेट और 421 पैकेट विदेशी सिगरेट जब्त की। जब्त की गई सामग्री की कीमत 3 लाख 1 हजार 140 रुपए आंकी गई है। थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल के अनुसार- मुखबिर की सूचना पर सिविक सेंटर स्थित पुरानी प्रभु वंदना टॉकीज के पास नेहा पान भंडार पर छापा मारा गया। दुकान संचालक राकेश केशरवानी (41) के पास से प्रतिबंधित ई-सिगरेट और कई विदेशी ब्रांड की सिगरेट मिलीं। जब्त सामान में जे कंपनी के 4 डिस्पोजेबल वेप डिवाइस, एल्फबार राया डी 2 कंपनी के 2 डिस्पोजेबल वेप डिवाइस शामिल हैं। इसके अलावा प्लेटिनम सेवन के 9 पैकेट, डेविडॉफ क्लासिक के 6 पैकेट, डनहिल स्विच के 10 पैकेट, एस्से ब्लैक के 4 पैकेट, एस्से गोल्डन ली के 3 पैकेट और एस्से स्पेशल गोल्ड के 2 पैकेट बरामद किए गए। प्रत्येक पैकेट में 20 सिगरेट थीं। इसी प्रकार इन्कम टैक्स चौक स्थित मुन्ना पान दुकान में दबिश दी गई। दुकान संचालक ने पूछताछ पर अपना नाम शिव नारायण गुप्ता बताया, जो अवधपुरी कॉलोनी ग्वारीघाट में रहता है। उसकी दुकान की तलाशी लेने पर प्रतिबंधित ई-सिगरेट 38 नग और विभिन्न कंपनी की 258 पैकिट विदेशी सिगरेट कीमत 2 लाख 40 हजार रुपए की रखी मिली। इसी प्रकार इन्कम टैक्स चौराहे के पास स्थित मुन्ना पान दुकान में समशेर हुसैन के पास भी सिगरेट विक्रय करने के लिए वैध लाइसेंस नहीं पाया गया। मौके से 85 पैकेट सिगरेट कीमत 18320 रुपए जब्त किए गए। वहीं नौदरा ब्रिज के पास मुन्ना पान भंडार में सैफ अली के पास भी सिगरेट विक्रय करने के लिए वैध लाइसेंस नहीं मिला। लिहाजा मौके से 44 पैकिट सिगरेट कीमत 7820 रुपए की जब्त किए गए। पूछताछ में सामने आया कि दुकान संचालकों के पास इन प्रतिबंधित वस्तुओं को बेचने का कोई लाइसेंस या अनुमति नहीं थी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0