पीएम आवास योजना में 6 हितग्राहियों पर FIR:बालाघाट में मकान न बनाने पर दर्ज हुआ मामला, पति-पत्नी को भी मिला लाभ
बालाघाट नगर पालिका में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत करोड़ों रुपए के घोटाले का मामला सामने आया है। आवास निर्माण के लिए दी गई राशि का दुरुपयोग करने के आरोप में छह हितग्राहियों के खिलाफ कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। इस योजना के तहत 133 हितग्राहियों को दी गई 1 करोड़ 14 लाख 10 हजार रुपए की राशि फंस गई है, जिसे अब नगर पालिका वसूल रही है। राशि लेकर मकान न बनाने वालों पर हुई कार्रवाई नगर पालिका ने उन हितग्राहियों के नाम सरेंडर कर दिए हैं जिन्होंने राशि लेकर मकान नहीं बनाए। इस मामले में एक चौंकाने वाला तथ्य यह भी सामने आया है कि बिना उचित पड़ताल के पति-पत्नी दोनों को योजना का लाभ दे दिया गया। वार्ड नंबर 09, लोहार गली निवासी सुरेश सहारे और उनकी पत्नी सुनीता सहारे, दोनों को इस योजना के तहत राशि मिली थी। कार्रवाई के बाद हितग्राही राशि वापस ले रहे मुख्य नगर पालिका अधिकारी बी.डी. कतरोलिया ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि का उपयोग आवास बनाने के बजाय अन्य कार्यों में करने और गबन के मामले में कार्रवाई जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि नगर पालिका की सख्ती के बाद कुछ हितग्राही राशि वापस कर रहे हैं। हालांकि, सीएमओ ने उन जिम्मेदार अधिकारियों पर होने वाली कार्रवाई के बारे में कोई जानकारी नहीं दी, जिन्होंने बिना आवास निर्माण के ही पीएम आवास की किस्तें जारी कर दी थीं। जिन छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, उनमें वार्ड नंबर 29 के सिकंदर सिंग जूनी, वार्ड नंबर 31 सरेखा के केशरी कावरे, वार्ड नंबर 14 बुढ़ी के अजय गौरे, वार्ड नंबर 32 की शारदा शेंद्रे, और वार्ड नंबर 09 लोहार गली के सुरेश सहारे व उनकी पत्नी सुनीता सहारे शामिल हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0