कुएं में मिला अज्ञात युवक का शव:दो मासूम भाइयों की हत्या के आरोपी बालकेश का होने की आशंका, मां ने नकारा

Aug 24, 2026 - 11:06
 0  0
कुएं में मिला अज्ञात युवक का शव:दो मासूम भाइयों की हत्या के आरोपी बालकेश का होने की आशंका, मां ने नकारा
छतरपुर के जुझारनगर थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव में सोमवार सुबह कुएं में एक अज्ञात युवक का शव मिला। शव पानी में उतराता देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस शव की पहचान करने में जुटी है। सूचना मिलते ही जुझारनगर थाना प्रभारी राजकुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। बालकेश होने की आशंका यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब लवकुशनगर क्षेत्र में दो मासूम भाइयों की हत्या के मामले में आरोपी बालकेश सिंह की तलाश जारी है। इसी वजह से कुएं में मिले शव के बालकेश का होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी शव की पहचान बालकेश के रूप में नहीं की है। थाना प्रभारी राजकुमार यादव के अनुसार, शव की बनावट, शरीर के निशान, टैटू, कपड़े और हुलिए को देखकर वह प्रथम दृष्टया बालकेश जैसा लग रहा है। पुलिस बालकेश की प्रेमिका द्वारा बताए गए हुलिए से भी शव का मिलान कर रही है। पानी में रहने से बदला शव का हुलिया पुलिस के अनुसार, शव लंबे समय तक पानी में रहने से फूल गया है। इससे चेहरे, हुलिए और शरीर के रंग में बदलाव आया है। ऐसे में केवल हुलिए के आधार पर पहचान की पुष्टि करना मुश्किल है। मौके पर पहुंची बालकेश की मां और कुछ ग्रामीणों ने शव की पहचान बालकेश के रूप में करने से इनकार कर दिया। बालकेश की मां ने कहा कि कुएं में मिला शव उनके बेटे का नहीं है। इसके बाद पुलिस शव की पहचान के लिए अन्य साक्ष्यों और जरूरी जांच का सहारा ले रही है। अभी शव की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0