युवा कांग्रेस आज शाजापुर में कलेक्टोरेट घेराव करेगी:किसानों, युवाओं के मुद्दों पर प्रदर्शन; 300 जवान तैनात

Aug 24, 2026 - 11:06
 0  0
युवा कांग्रेस आज शाजापुर में कलेक्टोरेट घेराव करेगी:किसानों, युवाओं के मुद्दों पर प्रदर्शन; 300 जवान तैनात
शाजापुर में किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी, महंगाई, छात्रों से जुड़े मुद्दों और सरकार की नीतियों के विरोध में जिला युवा कांग्रेस सोमवार को शाजापुर में बड़ा विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। दोपहर 12 बजे बस स्टैंड पर आमसभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे। कांग्रेस ने कार्यक्रम को ‘युवा कांग्रेस का हल्ला बोल’ नाम दिया है और इसे ‘अन्नदाताओं के सम्मान में, युवा कांग्रेस मैदान में’ के नारे के साथ आयोजित किया जा रहा है। प्रदर्शन में राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होंगे। इनमें अरुण यादव, सज्जन सिंह वर्मा, हुकुम सिंह कराड़ा, कुणाल चौधरी, महेश परमार, दिनेश गुर्जर, भेरूसिंह बापू, नीतू सिकरवार, महेंद्र जोशी, विपिन वानखेड़े, धर्मेंद्र चौहान, संजय शर्मा, राजेंद्र राधाकिशन मालवीय, रामवीर सिंह सिकरवार और नरेश्वर प्रताप सिंह सहित अन्य नेताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश्वर सिंह प्रताप ने कहा कि प्रदर्शन का उद्देश्य छात्रों और युवाओं की आवाज बुलंद करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार के सामने सवाल उठाए जाएंगे। प्रदर्शन के बाद कलेक्टोरेट का घेराव किया जाएगा। कांग्रेस ने किसानों, युवाओं और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। तीन लेयर में सुरक्षा व्यवस्था प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। डिपो क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की व्यवस्था की गई है। होमगार्ड लाइन रोड पर भी बैरिकेडिंग की गई है। इसके अलावा कलेक्ट्रेट के गेट नंबर एक और दो पर भी सुरक्षा घेरा बनाया गया है। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए करीब 300 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। प्रदर्शन स्थल पर लगाए पोस्टरों में सरकार पर निशाना शाजापुर जिला युवा कांग्रेस के जनसभा एवं कलेक्टर घेराव कार्यक्रम के मंच पर लगाए गए पोस्टरों और कार्टून के जरिए विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा गया। पोस्टरों में “बिहार में छात्रों पर AK47 क्यों चलाई”, “₹1 में हजारों एकड़ जमीन”, “लाठी-पैलेट-पेपर लीक-और छात्रों को?”, “एक पेड़ मां के नाम, पूरा जंगल अडानी के नाम” जैसे संदेश लिखे गए हैं। इसके अलावा “LAND DEAL”, “अडानी को ₹1 में हजारों एकड़ जमीन” और “₹1 में छात्रों के लिए पेपर क्यों नहीं?” जैसे सवाल भी पोस्टरों के माध्यम से उठाए गए। कांग्रेस ने इन संदेशों के जरिए छात्रों, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0