बच्चे के कंकाल के अवशेष घर के गड्ढे से मिले:हरदा में लापता था, चाचा हिरासत में; मां की हत्या के आरोप में पिता जेल में बंद
हरदा जिले के सिराली थाना क्षेत्र के ग्राम गहाल में पांच साल के बच्चे के लापता होने के करीब एक सप्ताह बाद सोमवार को उसके कंकाल के अवशेष घर के अंदर बने गड्ढे से बरामद हुए। मकान से दुर्गंध आने के बाद ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मृतक के चाचा पिंटू कोरकू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। ग्राम गहाल निवासी रमेश कोरकू का पांच वर्षीय बेटा राज पिछले मंगलवार से लापता था। परिजनों ने उसकी तलाश आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार शाम एक मकान से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। गड्ढे की खुदाई में मिले कंकाल के अवशेष
सिराली थाना प्रभारी सीताराम पटेल के अनुसार, पिंटू कोरकू के मकान के एक कोने में करीब तीन फीट गहरा गड्ढा मिला। खुदाई के दौरान पहले पैर दिखाई दिया और बाद में बच्चे के कंकाल के अन्य अवशेष बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक शव करीब आठ से दस दिन पुराना होने का अनुमान है। अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। चाचा पर हत्या कर शव दफनाने का आरोप
परिजनों ने राज के छोटे चाचा पिंटू कोरकू पर हत्या कर शव घर में दफनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राज के लापता होने के बाद पिंटू से उसके बारे में पूछताछ की गई तो उसने अलग-अलग बातें बताईं। परिजन पहले बच्चों के नाना के घर पहुंचे, लेकिन वहां राज नहीं मिला। गहाल लौटने पर पिंटू के घर पर ताला लगा मिला। घर से दुर्गंध आने के बाद परिजनों ने ताला तोड़ा। अंदर कमरे में मिट्टी खुदाई के निशान दिखाई दिए। इसके बाद खुदाई करने पर बच्चे के कंकाल के अवशेष बरामद हुए। पहले भी बच्चों को लेकर हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि राज और उसकी बड़ी बहन कुछ समय पहले बड़े चाचा मुकेश अखण्डे के साथ रहने चले गए थे। परिजनों के अनुसार, पिंटू पर बच्चों के साथ मारपीट करने के आरोप लगे थे। हालांकि बाद में पिंटू दोनों बच्चों को वापस अपने साथ ले आया था। इसके बाद राज के लापता होने की जानकारी सामने आई। पिता पत्नी की हत्या के आरोप में जेल में
पुलिस के अनुसार, राज के पिता रमेश करीब डेढ़ साल से अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में जेल में बंद हैं। ऐसे में राज और उसकी बड़ी बहन की देखभाल चाचा पिंटू कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, राज की बहन भी फिलहाल उसी के साथ रह रही थी। आरोपी की पत्नी तीन महीने से मायके में
परिजनों के अनुसार, पिंटू नशे का आदी है और घरेलू विवाद के चलते उसकी पत्नी करीब तीन महीने पहले अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि घर में राज, उसकी बहन और पिंटू ही रह रहे थे। पिंटू चार भाइयों में सबसे छोटा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
सिराली थाना प्रभारी सीताराम पटेल ने बताया कि पिंटू कोरकू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बच्चे की मौत किस परिस्थिति में हुई और इसके पीछे क्या कारण है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0