युवक की मौत, परिजन शव लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे:ससुराल पक्ष पर अपहरण-मारपीट का आरोप, नीमच में गिरफ्तारी की मांग की
नीमच में एक युवक की उदयपुर में इलाज के दौरान मौत के बाद शनिवार को तनाव का माहौल बन गया। परिजन शव लेकर सीधे एसपी (SP) दफ्तर पहुंच गए और मृतक के ससुराल वालों पर अपहरण और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए। इन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि जब तक गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा। यह प्रदर्शन करीब 1 घंटे तक चला। प्रदर्शन शाम 4:30 बजे शुरू हुआ था, जिसकी सूचना मिलते ही एएसपी (ASP) हेमलता अग्रवाल मौके पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया और आश्वासन दिया कि जांच में दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस टीम भी रवाना कर दी गई, जिसके बाद शाम करीब 5:30 बजे प्रदर्शन खत्म हुआ। परिजनों ने लगाए अपहरण और मारपीट के आरोप मृतक की पहचान बघाना थाना क्षेत्र के चैनपुरा निवासी 45 साल के ओंकार सिंह (पिता हिम्मत सिंह चुंडावत) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, ओंकार सिंह की उदयपुर में इलाज के दौरान मौत हुई थी। शनिवार को शव नीमच लाया गया, जिसके बाद परिजन न्याय की मांग को लेकर सीधे एसपी दफ्तर पहुंच गए। परिजन ने लगाए गंभीर आरोप परिजन का आरोप है कि 3 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे ओंकार सिंह के साले हिम्मत सिंह (पिता प्रताप सिंह चौहान), उनकी पत्नी पुष्पा कुंवर और सास उन्हें अपने साथ ले गए थे और उनके साथ मारपीट की थी। 4 अगस्त की दोपहर करीब 12 बजे ओंकार सिंह को भिंडर से लगभग दो किलोमीटर आगे छोड़ दिया गया। गंभीर हालत में उन्हें उदयपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजन ने यह भी आरोप लगाया कि उदयपुर से शव नीमच लाते वक्त मृतक की पत्नी पुष्पा कुंवर और ससुराल वाले धीनवा टोल के पास शव को छोड़कर भाग गए। इसके बाद परिजन शव को नीमच लेकर आए। हॉस्पिटल में रखा गया शव, जांच जारी फिलहाल ओंकार सिंह का शव जिला अस्पताल में रखा गया है। पूरे मामले पर एएसपी हेमलता अग्रवाल ने बताया कि परिजन के आरोपों की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी हिसाब से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0