9 जुलाई के बाद पहली बार सक्रिय हुआ मानसून:सोयाबीन-मक्का की फसलें नमी के इंतजार में, मौसम विभाग ने अगले 5 दिन बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया
बैतूल जिले में करीब 12 दिनों के लंबे अंतराल के बाद मानसून ने एक बार फिर दस्तक दी है। पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण खेतों में नमी लगातार कम हो रही थी और खरीफ फसलों पर संकट गहराने लगा था। अब जिले के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज होने से किसानों को आंशिक राहत मिली है, लेकिन मानसून अभी भी पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ है। लगातार बादल छाए रहने के बावजूद उमस बनी हुई है और किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। 9 जुलाई के बाद से जिले में मानसून लगभग थम गया था। बारिश के लंबे ब्रेक के कारण सोयाबीन और मक्का जैसी खरीफ फसलों की बढ़वार प्रभावित होने लगी। कई स्थानों पर फसलें मुरझाने लगीं, जिसके चलते किसानों को स्प्रिंकलर से सिंचाई कर फसल बचाने की कोशिश करनी पड़ी। हल्की बारिश से बढ़ी संचयी वर्षा वर्षा रिकॉर्ड के अनुसार, 17 जुलाई तक जिले की औसत वर्षा 290.6 मिमी दर्ज की गई थी। 18 जुलाई को यह बढ़कर 290.9 मिमी, 19 जुलाई को 291.9 मिमी और 20 जुलाई को हुई 15.8 मिमी औसत वर्षा के बाद संचयी वर्षा 307.7 मिमी तक पहुंच गई। 21 जुलाई की सुबह तक जिले में कुल औसत वर्षा 310.7 मिमी रिकॉर्ड की गई। घोड़ाडोंगरी में सबसे अधिक 50 मिमी बारिश 20 जुलाई को जिले में सबसे अधिक 50 मिमी बारिश घोड़ाडोंगरी में दर्ज की गई। इसके अलावा भैंसदेही में 24 मिमी, शाहपुर में 23.4 मिमी, चिचोली में 16 मिमी, आमला में 10 मिमी, मुलताई में 4 मिमी और बैतूल में 1.8 मिमी वर्षा हुई। वहीं 21 जुलाई की सुबह तक मुलताई में 13.4 मिमी, प्रभातपट्टन में 9 मिमी, शाहपुर और आमला में 3-3 मिमी, जबकि बैतूल में 2.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसान किसानों का कहना है कि लंबे समय तक बारिश नहीं होने से खेतों की ऊपरी सतह पूरी तरह सूख गई थी। हल्की बारिश से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन यदि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश नहीं हुई तो सोयाबीन और मक्का की फसलों की बढ़वार गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है। लगातार बादल और अधिक नमी के कारण दिनभर उमस बनी हुई है। अगले पांच दिन बारिश के आसार मौसम विभाग के अनुसार, बैतूल जिले में अगले 4 से 5 दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। विभाग ने बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0