इंदौर-शारजाह फ्लाइट को बुकिंग सिस्टम से हटाया:MP से अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन टूटा; खाड़ी देश जाने पर लगेगा ज्यादा समय और पैसा

Jun 16, 2026 - 21:02
 0  0
इंदौर-शारजाह फ्लाइट को बुकिंग सिस्टम से हटाया:MP से अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन टूटा; खाड़ी देश जाने पर लगेगा ज्यादा समय और पैसा
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इंदौर से शारजाह के बीच संचालित होने वाली मध्य प्रदेश की एकमात्र नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ान को अपने बुकिंग सिस्टम से पूरी तरह हटा दिया है। 28 फरवरी से बंद चल रही इस उड़ान को कंपनी ने पहले 1 जुलाई 2026 से दोबारा शुरू करने की घोषणा की थी, जिसके लिए बकायदा बुकिंग भी शुरू की गई थी। लेकिन, अब स्थिति यह है कि जुलाई ही नहीं, बल्कि आगामी महीनों में भी यह उड़ान एयर लाइन के सिस्टम पर दिखाई नहीं दे रही है। संकेत मिल रहे हैं कि फिलहाल कंपनी के पास इस फ्लाइट को दोबारा शुरू करने की कोई योजना नहीं है। इस फ्लाइट के स्थायी रूप से बंद होने के कारण इंदौर और मालवा-निमाड़ से यूएई (UAE) तथा आगे की यात्रा करने वाले यात्रियों को अब भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दिल्ली, मुंबई जैसे महानगरों से जाना पड़ रहा इस उड़ान के जरिए से बड़ी संख्या में यात्री यूएई के अलावा खाड़ी देशों और अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक कनेक्टिंग फ्लाइट्स के जरिए यात्रा करते थे। उड़ान पूरी तरह बंद होने से न केवल इंदौर, बल्कि भोपाल, उज्जैन, देवास, रतलाम और पूरे मालवा-निमाड़ क्षेत्र के यात्रियों को बड़ा नुकसान हो रहा है। अब विदेशी सफर के लिए यात्रियों को दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू और हैदराबाद जैसे महानगरों के एयरपोर्ट्स का रुख करना पड़ रहा है। फरवरी में बंद हुई थी, कई बार बदला शेड्यूल पश्चिम एशिया में उपजे तनावपूर्ण हालातों के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 28 फरवरी से इस फ्लाइट का संचालन बंद कर दिया था। 'ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया' के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया उन्होंने बताया कि हाल ही में कंपनी ने हफ्ते में चार दिन (रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार) उड़ान संचालन का नया शेड्यूल जारी कर जुलाई से बुकिंग शुरू की थी। ट्रैवल एजेंट्स और यात्रियों को उम्मीद थी कि इस बार सेवा बहाल हो जाएगी, लेकिन अब कंपनी ने इस पूरे रूट को ही सिस्टम से उड़ा दिया है, जिससे यात्रियों में भारी निराशा है। बार-बार तारीखें टलने से घटा यात्रियों का भरोसा ट्रैवल कारोबार से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि एयरलाइन द्वारा बार-बार बुकिंग खोलने और फिर अंतिम समय पर उड़ान टालने से यात्रियों का भरोसा बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई यात्रियों को टिकट बुकिंग के बाद रिफंड और री-शेड्यूलिंग की भारी मानसिक व आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ी थी। यही वजह रही कि बाद के चरणों में जब दोबारा बुकिंग शुरू हुई, तो यात्रियों ने इसमें ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। फ्लाइट के शुरू न होने के पीछे यात्रियों का यह घटता रिस्पॉन्स भी एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और व्यापार पर पड़ेगा बुरा असर प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया के अनुसार, अगर लंबे समय तक इंदौर से यह एकमात्र इंटरनेशनल रूट बंद रहता है, तो इंदौर एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी पर बेहद बुरा असर पड़ेगा। इससे भविष्य में इंदौर से शुरू होने वाली अन्य नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर भी एयरलाइंस कंपनियां हाथ खींच सकती हैं। इसके अलावा, सीधी फ्लाइट बंद होने से इंदौर के अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर भी सीधा असर पड़ेगा और यात्रियों को अब सफर पूरा करने के लिए ज्यादा पैसा और समय दोनों खर्च करना पड़ेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0