ई-स्कूटर पर कलेक्टर, मुख्य वन संरक्षक साइकिल से दफ्तर पहुंचे:अधिकारी बोले- पौधारोपण से पर्यावरण संतुलित रहता है; विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजन
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नर्मदापुरम में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह हर्बल पार्क में पौधारोपण और ट्रांजिट वॉक कार्यक्रम हुआ। इस दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा अपने निवास से कार्यक्रम स्थल तक इलेक्ट्रिक स्कूटर चलाकर पहुंचे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और आमजन के साथ बादाम और आम के पौधे लगाए। उन्होंने पौधों को नाम भी दिए। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनचेतना रैली निकाली गई, जो पोस्ट ऑफिस घाट तक पहुंची। ‘सीड बॉल’ बनाना सिखाया
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों को “सीड बॉल” बनाना भी सिखाया। उन्होंने बताया कि गीली मिट्टी में बीज रखकर गेंदनुमा आकार दिया जाता है, जिसे जंगल या मिट्टी वाली जगह पर फेंकने से बारिश के दौरान बीज अंकुरित होकर पौधों में विकसित हो जाते हैं। सीसीएफ साइकिल से पहुंचे कार्यालय
मुख्य वन संरक्षक अशोक कुमार चौहान भी पर्यावरण दिवस पर अपने आवास से साइकिल चलाकर सीसीएफ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सतत प्रक्रिया है। उन्होंने लोगों से ईंधन आधारित वाहनों की बजाय साइकिल और ई-वाहनों का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत लगाए पौधे
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत जिले में वृक्षारोपण, स्वच्छता और जल संरक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। पावर मेक प्रोजेक्ट लिमिटेड (वेलोसिटी माइनिंग) ने बांद्राभान दिवस बसेरा, धानाबढ़ रोड, रायपुर, जासलपुर, निमशाडिया और मेहरागांव सहित विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया। कंपनी द्वारा अमरूद, आम, जामुन, नीम, पीपल, अशोक, आंवला, गुलमोहर, करंज, बादाम और सप्तकर्णी सहित विभिन्न पौधे लगाए गए। कंपनी प्रतिनिधि मुकेश तिवारी ने बताया कि पर्यावरण को हरा-भरा बनाने और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी जिले में एक हजार फलदार पौधे लगाए गए थे और उनके संरक्षण के लिए ट्री गार्ड भी लगाए गए थे। पर्यावरण संरक्षण को बताया सतत प्रक्रिया
जिला खनिज अधिकारी देवेश मरकाम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जैव विविधता के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने में मदद मिलती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0