ग्वालियर में दबंगई- घर में बुलाकर पीटने का VIDEO:दरवाजे पर कार खड़ी करने से रोका तो पड़ोसी के परिवार को बेरहमी से पीटा
ग्वालियर शहर के गोशपुरा नंबर-1 में पार्किंग विवाद को लेकर पड़ोसियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। यहां रहने वाले वृजेन्द्र सिंह तोमर और उनके परिवार पर पड़ोस में रहने वाले पप्पू सिंह तोमर और उसके परिजनों ने हमला कर दिया। विवाद की वजह दरवाजे के सामने गाड़ी खड़ी करना और मकान निर्माण में बाधा डालना बताई जा रही है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। फरियादी ने ग्वालियर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है। वहीं, पीड़ित का आरोप है कि पुलिस की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। दरवाजे पर कार खड़ी करने को लेकर विवाद पीड़ित वृजेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि विवाद काफी समय से चल रहा है। उनके अनुसार, पप्पू तोमर अपनी क्रेटा कार उनके दरवाजे के सामने खड़ी कर देता है, जिससे आने-जाने में परेशानी होती है। इस समय उनके मकान का निर्माण कार्य चल रहा है और दरवाजे के बाहर ईंट, पत्थर व रेत रखी थी। इसी बात को लेकर पड़ोसी ने नगर निगम में शिकायत कर दी। वृजेन्द्र का आरोप है कि 8 मई की शाम पप्पू के भाई वीरेन्द्र ने उन्हें बातचीत के बहाने बुलाया और सीसीटीवी कैमरे की नजर से दूर ले जाने की कोशिश की। जब उन्होंने बाहर ही बात करने की बात कही, तभी पप्पू और उसके भतीजे सनी व मनु वहां पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने उनके साथ लात-घूसों से मारपीट की, जिससे उनके पैर के अंगूठे का नाखून निकल गया और वे घायल हो गए। पत्नी और बच्चों से भी मारपीट वृजेन्द्र के अनुसार, शोर सुनकर उनकी पत्नी, बेटा और बेटी बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस दौरान गालियां देते हुए धमकी दी गई कि गाड़ी वहीं खड़ी होगी और जो करना हो कर लें। घर के बाहर दी धमकी पीड़ित का आरोप है कि घटना के कुछ देर बाद पप्पू के भतीजे ने 6-7 युवकों को उनके घर भेजा। इन लोगों ने घर के गेट पर लातें मारीं और बाहर निकलने की धमकी दी। इसके बाद से परिवार दहशत में है। पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल वृजेन्द्र सिंह का कहना है कि उन्होंने 29 अप्रैल 2026 को भी आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए। अब परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा और न्याय की मांग की है। पीड़ित बोला- जान का खतरा पीड़ित वृजेन्द्र ने कहा, “हमें घर से बाहर निकलने में डर लग रहा है। पहले कैमरे से बचाकर मारपीट की गई और अब घर पर लोग भेजकर धमकाया जा रहा है। पूरा परिवार दहशत में है।” उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की तो उनकी जान को खतरा हो सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0