देवास में PSC एग्जाम, शादी के छठे दिन पहुंची दुल्हन:घबराहट से एक अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ी, 7 केंद्रों पर 3 लेयर चेकिंग
देवास जिले के 7 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की प्रारंभिक परीक्षा-2026 आयोजित हुई। जिले में 2 हजार से अधिक परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल हुए। कड़ी सुरक्षा के बीच 3 लेयर चेकिंग (रेटिना स्कैन, बायोमेट्रिक) के बाद ही अभ्यर्थियों को हॉल में प्रवेश दिया गया। परीक्षा के दौरान टोंकखुर्द की एक नवविवाहिता हाथों में मेहंदी लगाए शादी के महज 6 दिन बाद एग्जाम देने पहुंची। वहीं, उत्कृष्ट स्कूल केंद्र पर एक महिला अभ्यर्थी की घबराहट के कारण तबीयत बिगड़ गई, जिसे पुलिस की मदद से दवा उपलब्ध कराई गई। हाथों में मेहंदी, 20 अप्रैल को हुई थी शादी टोंकखुर्द निवासी सुनीधी कुशवाह शादी के छठे दिन ही एग्जाम देने सेंटर पहुंचीं। उनके हाथों से अभी मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा है। सुनीधी ने बताया, "20 अप्रैल को शादी हुई थी, दो दिन पहले ही ससुराल से मायके आई थी। तैयारी की थी, एग्जाम नहीं छोड़ सकती थी। एग्जाम देकर फिर ससुराल चली जाएंगी।" बेचैनी से बिगड़ी तबीयत, पति ने पिलाया इलेक्ट्रॉल उत्कृष्ट स्कूल केंद्र पर बड़वाह से परीक्षा देने आईं मुस्कान राठौर को जांच के बाद अंदर पहुंचने पर घबराहट और बेचैनी होने लगी। इसके बाद उन्होंने बाहर आकर पुलिस की मदद से अपने पति को फोन किया। बाहर मौजूद उनके पति ने उन्हें इलेक्ट्रॉल लाकर पिलाया। मुस्कान के पति ने बताया कि पत्नी का स्वास्थ्य पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं था, लेकिन तैयारी के कारण वह परीक्षा छोड़ना नहीं चाहती थीं। केंद्र पर मौजूद टीम ने भी उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। 3 लेयर चेकिंग- उतरवाए आभूषण और हेयर बैंड परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र पर उड़नदस्ता दल निगरानी के लिए निकला। उत्कृष्ट स्कूल के प्राचार्य और केंद्र प्रभारी ने तीन स्तरों पर जांच के बाद ही प्रवेश दिया। अभ्यर्थियों को रेटिना स्कैन और बायोमेट्रिक जांच से गुजरना पड़ा। सुरक्षा के मद्देनजर चेकिंग के दौरान अभ्यर्थियों के आभूषण, बेल्ट और बालों के हेयर बैंड तक उतरवा लिए गए। परीक्षा दो सत्रों में हो रही है, जिसका सामान्य अध्ययन का पहला पेपर सुबह 10 से 12 बजे तक चला। गलत केंद्र पर पहुंचे अभ्यर्थी, भागते हुए सही जगह गए परीक्षा के लिए सुबह 8 बजे से ही अभ्यर्थी केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। इस दौरान कई परीक्षार्थियों को सेंटर खोजने में परेशानी हुई और वे गलत केंद्र पर पहुंच गए। कुछ परीक्षार्थी गर्ल्स कॉलेज सेंटर की जगह उत्कृष्ट स्कूल पहुंच गए थे। जब उन्हें गलती का अहसास हुआ, तो समय बचाने के लिए वे दौड़ते हुए और स्कूटर दौड़ाते हुए अपने सही केंद्र तक पहुंचे। देखिए तस्वीरें….
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0