नर्मदापुरम में फिल्मी स्टाइल में किशोरी का अपहरण:पुलिस को गुमराह करने दूसरी कार में बैठाया, पहली कार को दूसरी दिशा में भेजा

Mar 24, 2026 - 10:04
 0  0
नर्मदापुरम में फिल्मी स्टाइल में किशोरी का अपहरण:पुलिस को गुमराह करने दूसरी कार में बैठाया, पहली कार को दूसरी दिशा में भेजा
नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर में सोमवार को 16 साल की किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। बॉयफ्रेंड ने अपने 4 दोस्तों के साथ मिलकर मेन मार्केट से किशोरी को लाल रंग की स्विफ्ट कार में अगवा किया और पुलिस को भटकाने के लिए माखननगर में कार बदल ली। घटना की जानकारी मिलते ही सोहागपुर पुलिस ने डायल 112 की सूचना पर माखननगर और बकतरा पुलिस की मदद से घेराबंदी कर 4 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल स्विफ्ट और क्रेटा कार जब्त कर किशोरी को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। भाई ने पीछा कर नोट किया नंबर, पिता ने डायल 112 को बताया पुलिस के मुताबिक, सोमवार को सोहागपुर मेन मार्केट की गली से आरोपी हमजा खान, रिजवान खान और जाहिद खान ने 16 वर्षीय किशोरी को लाल रंग की स्विफ्ट कार (MP 04 ZR 8590) में बैठाया और बाबई की तरफ भाग निकले। इस पूरे घटनाक्रम को किशोरी के भाई ने देख लिया था। भाई ने कार का पीछा कर उसका नंबर नोट किया और तत्काल अपने पिता को जानकारी दी। इसके बाद पिता ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बेटी के अपहरण की सूचना दी। थाना प्रभारी ऊषा मरावी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए एसडीओपी संजू चौहान को अवगत कराया और उनके निर्देश पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस को भटकाने माखननगर में बदली कार पुलिस ने तत्काल माखननगर पुलिस से संपर्क कर घेराबंदी शुरू की। पुलिस से बचने और उन्हें भटकाने के लिए आरोपियों ने माखननगर में रिजवान और जाहिद की स्विफ्ट कार से किशोरी और मुख्य आरोपी हमजा को उतार दिया। इसके बाद हमजा के दोस्त सलमान और संजू (संजीव) सफेद रंग की क्रेटा कार (MP 04 EV 5219) से किशोरी और हमजा को लेकर वापस सोहागपुर की फॉरेस्ट कॉलोनी आ गए। वहीं, पहली कार (स्विफ्ट) को रिजवान और जाहिद नसीराबाद होते हुए बकतरा की तरफ ले गए ताकि पुलिस उसी कार को ढूंढती रहे। बकतरा में पकड़ी गई स्विफ्ट, पूछताछ में खुला राज कार का पीछा कर रही पुलिस ने बाड़ी और बकतरा थाने से संपर्क कर जानकारी साझा की। बकतरा पुलिस की मदद से स्विफ्ट कार को पकड़ लिया गया, लेकिन उसमें किशोरी नहीं मिली। पुलिस ने जब कार में मौजूद साथियों से पूछताछ की, तो उन्होंने किशोरी को दूसरी कार से वापस सोहागपुर ले जाने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और किशोरी को परिजनों को सौंप दिया। अपहरण के ये 5 आरोपी हुए गिरफ्तार पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी हमजा खान (निवासी बाड़ी) सहित उसके चार साथियों रिजवान खान (निवासी सोहागपुर), सलमान खान उर्फ फैजल खान (निवासी पिजारा मोहल्ला, माखननगर), जाहिद खान (निवासी बजीरगंज कॉलोनी बाड़ी, रायसेन) और संजीव मीना (निवासी जमुनिया, थाना माखननगर) को गिरफ्तार किया है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक ऊषा मरावी, एसआई मेघा उदेनिया, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र पटेल, आरक्षक दिनेश धुर्वे, एएसआई गणेश राय, सुनील ओझा, विवेक सोनपुरे और राजकुमार की मुख्य भूमिका रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0