रायगढ़ में 3 ट्रकों से 75.62 टन स्क्रैप जब्त:ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई, 23.69 लाख के स्क्रैप समेत 60.69 लाख की संपत्ति जब्त

Mar 17, 2026 - 09:41
 0  0
रायगढ़ में 3 ट्रकों से 75.62 टन स्क्रैप जब्त:ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई, 23.69 लाख के स्क्रैप समेत 60.69 लाख की संपत्ति जब्त
रायगढ़ जिले में ऑपरेशन प्रहार के तहत तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अवैध कबाड़ के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान उद्योगों में खपाने के लिए ले जाए जा रहे तीन वाहनों से कुल लगभग 75.62 टन अवैध स्क्रैप जब्त किया गया है। जब्त स्क्रैप की कुल कीमत करीब 23 लाख 69 हजार 100 रुपए आंकी गई है। जानकारी के अनुसार, पूंजीपथरा पुलिस को सूचना मिली थी कि गेरवानी चौक की ओर से अवैध कबाड़ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने गेरवानी चौक में जांच शुरू की और एक 18 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच में ट्रक से करीब 31 टन लोहे का एंगल, छड़ और मशीनरी पार्ट्स का स्क्रैप मिला, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख 30 हजार 500 रुपए आंकी गई। बिहार के रहने वाले ड्राइवर नितीश कुमार (25) के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला, जिस पर पुलिस ने स्क्रैप सहित ट्रक जब्त कर मामला दर्ज किया। दूसरी कार्रवाई पुसौर पुलिस ने की। पुलिस ने सरिया से पुसौर की ओर आ रहे ट्रक को रोककर जांच की, जिसमें 25.620 टन लोहे का कबाड़ मिला। इसकी कीमत 7 लाख 68 हजार 600 रुपए आंकी गई। चालक विजेन्द्र लाहुर (50), निवासी चचौरा थाना सब जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश), वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर ट्रक समेत कबाड़ जब्त कर कार्रवाई की गई। गस्त दौरान कोतरारोड़ पुलिस की कार्रवाई वहीं, कोतरारोड पुलिस ने रात्री गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर कोसमनारा तिराहा में नाकेबंदी कर एक 12 चक्का ट्रक को रोका। जांच में ट्रक से करीब 19 टन लोहे के छड़ के टुकड़े और कबाड़ मिला, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख 70 हजार रुपए आंकी गई। चालक मनोज यादव (40), निवासी छोटेवां थाना अवतार नगर जिला सारण (बिहार), के पास भी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। SSP बोले- लगातार कार्रवाई जारी रहेगी इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में अवैध कबाड़ परिवहन और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त पर पुलिस की कड़ी नजर है। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने 3 वाहनों से 75 टन स्क्रैप समेत 60.69 लाख की संपत्ति जब्त की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0