1 अप्रैल से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी:44,913 किसानों ने कराया पंजीयन, 66 उपार्जन केंद्र बनाए
धार जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए किसानों का पंजीयन पूरा हो गया है। पंजीयन की अंतिम तिथि 10 मार्च थी। अंतिम दिन सर्वर की धीमी गति और तकनीकी दिक्कतों के बावजूद 3,031 किसानों ने पंजीयन कराया। इसके साथ ही इस साल जिले में कुल 44,913 किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए पंजीयन कराया है, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार अंतिम दिनों में तकनीकी दिक्कतों के कारण कई किसान समय पर पंजीयन नहीं कर सके। यदि सर्वर से जुड़ी समस्याएं नहीं आतीं तो पंजीयन का आंकड़ा और अधिक हो सकता था। 1 अप्रैल से शुरू होगी सरकारी खरीदी इस बार समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी 1 अप्रैल से शुरू होगी। पहले यह खरीदी 16 मार्च से शुरू होने वाली थी, लेकिन खेतों में गेहूं में अधिक नमी होने के कारण इसे आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। जिले में गेहूं खरीदी के लिए 66 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदा जाएगा। फिलहाल सभी केंद्रों पर जरूरी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। खरीदी में देरी से किसान मंडियों में बेच रहे गेहूं सरकारी खरीदी शुरू होने में देरी के कारण किसान फिलहाल मंडियों का रुख कर रहे हैं। धार कृषि उपज मंडी में इन दिनों रोजाना 8 से 10 हजार क्विंटल से अधिक गेहूं की आवक दर्ज की जा रही है।
किसानों का कहना है कि वैवाहिक सीजन और अन्य खर्चों के कारण कई लोगों ने उधार लिया था और अब लेनदार पैसे मांग रहे हैं। ऐसे में आर्थिक दबाव के कारण उन्हें कम कीमत पर ही मंडी में गेहूं बेचना पड़ रहा है। इस बार उत्पादन अच्छा रहने की संभावना कृषि विभाग के अनुसार इस बार जिले में गेहूं का उत्पादन अच्छा रहने की संभावना है। पिछले साल की तुलना में गेहूं का रकबा भी करीब 20 हजार हेक्टेयर बढ़ा है, जिससे पंजीयन की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। बदनावर में सबसे ज्यादा किसानों ने कराया पंजीयन क्षेत्रवार पंजीयन में बदनावर सबसे आगे रहा, जहां 13,488 किसानों ने पंजीयन कराया। इसके बाद धार में 11,919, सरदारपुर में 8,965, पीथमपुर में 4,111, मनावर में 2,398, कुक्षी में 1,912, धरमपुरी में 1,366, गंधवानी में 575 और डही में 179 किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए पंजीयन कराया। अधिकारी बोले—किसानों में बढ़ी रुचि जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी श्रीराम वर्डे ने बताया कि इस बार किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने में अधिक रुचि दिखाई है। 1 अप्रैल से सभी 66 उपार्जन केंद्रों पर खरीदी शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0