जहां एक दिन का किराया 35 हजार वहां एक्सपायरी फूड:फोरसिथ लॉज रिसॉर्ट और द फॉरेस्ट चैप्टर बाय सयाजी में एक्सपायर राजमा, ब्रेड, मूंग, बेसन, सूजी मिला

Mar 13, 2026 - 10:39
 0  0
जहां एक दिन का किराया 35 हजार वहां एक्सपायरी फूड:फोरसिथ लॉज रिसॉर्ट और द फॉरेस्ट चैप्टर बाय सयाजी में एक्सपायर राजमा, ब्रेड, मूंग, बेसन, सूजी मिला
नर्मदापुरम जिले के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) के मढ़ई में स्थित हाई-प्रोफाइल लग्जरी रिसॉर्ट फोरसिथ लॉज इन दिनों विवादों में है। पहले यहां वन्यजीवों के अंगों की अवैध प्रदर्शनी का मामला सामने आया था, अब जांच में रिसॉर्ट के किचन में एक्सपायरी खाद्य सामग्री भी मिली है। 7 मार्च को सोहागपुर एसडीएम प्रियंका भलावी के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मढ़ई के कई रिसॉर्ट्स की जांच की। इस दौरान फोरसिथ लॉज के किचन में रखे बेसन, ब्रेड और सूजी के पैकेट एक्सपायरी डेट के पाए गए। गड़बड़ी मिलने के बाद प्रशासन ने इस मामले को उजागर नहीं किया, जिसका खुलासा अब एक-एक कर किया जा रहा है। दूसरे लग्जरी रिसॉर्ट में भी मिली एक्सपायरी सामग्री जांच के दौरान एक अन्य लग्जरी रिसॉर्ट द फॉरेस्ट चैप्टर बाय सयाजी के किचन में भी एक्सपायरी डेट का राजमा, ब्रेड और मूंग का आटा मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इन खाद्य सामग्रियों के सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेज दिए हैं और बाकी सामग्री को नष्ट करा दिया गया। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फोरसिथ लॉज और द फॉरेस्ट चैप्टर बाय सयाजी जैसे रिसॉर्ट्स में एक दिन का किराया 35 से 40 हजार रुपए तक बताया जाता है। ऐसे में एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने से प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं और पर्यटकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ की आशंका भी जताई जा रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दियावार ने बताया कि मढ़ई के लहरशाह, गौरी शाह और बायसन रिसॉर्ट के किचन की भी जांच की गई थी। वहां खाद्य सामग्री सही पाई गई। केवल फोरसिथ लॉज और द फॉरेस्ट चैप्टर बाय सयाजी में ही एक्सपायरी सामग्री मिली। बाउंड्रीवॉल भी अतिक्रमण कर बनाई संयुक्त टीम ने फोरसिथ लॉज की बाउंड्रीवॉल की भी नाप-जोख की। जांच में पाया गया कि रिसॉर्ट की बाउंड्रीवॉल उसकी जमीन से बाहर निकली हुई है। इस पर तहसीलदार रामकिशोर झरबड़े ने रिसॉर्ट संचालक को अतिक्रमण का नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वन्यजीवों के अंगों की अवैध प्रदर्शनी का भी मामला इसी जांच के दौरान फोरसिथ रिसॉर्ट के एक कमरे में कांच की अलमारी में वन्यजीवों के अंगों की प्रदर्शनी भी मिली। सूचना मिलने पर एसटीआर की टीम ने मौके पर पहुंचकर चीतल के चार सींग, सेही के चार कांटे और सांप की दो कांचुलियां जब्त कीं। इस मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत फोरसिथ लॉज के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मैनेजमेंट ने कहा—कमरा लंबे समय से बंद था जांच के दौरान रिसॉर्ट के मैनेजर और प्रकृतिवादी फैज अंसारी ने बताया कि जिस कमरे में वन्यजीवों के अंग मिले, वह काफी समय से बंद था और पहले स्पा के रूप में उपयोग होता था। उनका दावा है कि प्रशासन ने जांच के दौरान कमरे का ताला तुड़वाकर उसे खुलवाया था। बिना अनुमति नहीं रखे जा सकते वन्यजीवों के अंग सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा ने बताया कि वन्यजीवों और उनके अंग शासन की संपत्ति होते हैं। इन्हें प्रदर्शनी या जागरूकता के उद्देश्य से रखने के लिए भी संबंधित विभाग से अनुमति लेना जरूरी होता है। बिना अनुमति ऐसा करना कानूनन अपराध है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है। यदि जांच में रिसॉर्ट प्रबंधन की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह हाई-प्रोफाइल रिसॉर्ट वन विभाग की निगरानी में आ गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0