सीहोर में 92 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन:पिछले साल गेहूं उपार्जन के लिए 4 हजार 597 ने भरा था फॉर्म

Mar 11, 2026 - 13:54
 0  0
सीहोर में 92 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन:पिछले साल गेहूं उपार्जन के लिए 4 हजार 597 ने भरा था फॉर्म
सीहोर जिले में गेहूं उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन लगातार बढ़ रहा है। इस वर्ष कुल 92 हजार 889 किसानों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष की संख्या 88 हजार 292 से अधिक है। कुल पंजीकृत रकबा 2 लाख 20 हजार 461.97 हेक्टेयर दर्ज किया गया है। आंकड़ों के अनुसार, आष्टा तहसील में 13 हजार 676 किसानों ने 31,629 हेक्टेयर, इछावर में 7 हजार 683 किसानों ने 19,825.75 हेक्टेयर और जावर में 5 हजार 955 किसानों ने 13,582.84 हेक्टेयर रकबे का पंजीयन कराया है। भैरूंदा में 15 हजार 438 किसानों ने 42,603.41 हेक्टेयर क्षेत्र पंजीकृत किया। इसी तरह, बुधनी में 5 हजार 464 किसानों ने 15,848.89 हेक्टेयर, रेहटी में 8 हजार 597 किसानों ने 22,135.99 हेक्टेयर और श्यामपुर में 19 हजार 978 किसानों ने 41,592.08 हेक्टेयर क्षेत्र का पंजीयन कराया। सीहोर तहसील में 15 हजार 973 किसानों ने 32,980.34 हेक्टेयर और सीहोर नगर में 125 किसानों ने 263.67 हेक्टेयर रकबे का पंजीयन कराया है। सीहोर जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का कार्य 16 मार्च से प्रारंभ किया जाएगा। प्रशासन ने किसानों से निर्धारित समय सीमा में पंजीयन सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके। उपार्जन कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने और उपार्जन केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कलेक्टर बालागुरू के. ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि उपार्जन केंद्रों पर गेहूं खरीदी के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्याप्त मात्रा में बारदानों की उपलब्धता, तौल कांटे, नमी मापक यंत्र, साफ-सफाई, पेयजल, छाया और किसानों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उपार्जन केंद्रों पर बिजली, इंटरनेट कनेक्टिविटी और कंप्यूटर ऑपरेटर की व्यवस्था भी समय से कर ली जाए, ताकि पंजीकृत किसानों का गेहूं उपार्जन कार्य सुचारू रूप से हो सके। किसानों को स्लॉट बुकिंग के आधार पर उनके निर्धारित दिन और समय पर ही उपार्जन केंद्र पर बुलाया जाए, जिससे अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके और खरीदी कार्य व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0