बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने पर 46 हजार जुर्माना:जशपुर में नाबालिग के पिता पर कार्रवाई, पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान; 4 महीने में 119 मौतें

May 7, 2025 - 13:57
 0  0
बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने पर 46 हजार जुर्माना:जशपुर में नाबालिग के पिता पर कार्रवाई, पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान; 4 महीने में 119 मौतें
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में यातायात नियमों की अनदेखी पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान में नाबालिग वाहन चालकों और मोडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों पर कार्रवाई की जा रही है। जिले में 1 जनवरी से 30 अप्रैल 2025 के बीच 176 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इन हादसों में 119 लोगों की मौत हुई और 83 लोग घायल हुए। पुलिस जांच में सामने आया कि इन दुर्घटनाओं का मुख्य कारण लापरवाह रफ्तार, नशा और नाबालिग चालक हैं। 46,000 रुपए का जुर्माना लगाया 5 मई की शाम को चेकिंग अभियान के दौरान एक नाबालिग को तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए पकड़ा गया। बाइक में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था। पुलिस ने पहली बार नाबालिग के पिता विनय प्रकाश टोप्पो के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। उन पर 46,000 रुपए का जुर्माना भी लगाया गया। पूछताछ में विनय टोप्पो ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे की जिद पर 85,000 रुपए की बाइक खरीदी थी। उन्होंने अपनी गलती मानते हुए भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया है। दूसरी बार फंसा कानून के शिकंजे में इसी विशेष अभियान के दौरान एक अन्य युवक राहुल भगत (उम्र 22 वर्ष), निवासी गाढ़ा टोली, जशपुर को भी तेज रफ्तार और शोरगुल वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के साथ बाइक चलाते पकड़ा गया। उस पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 182(1)(4) के तहत 5,000 रुपए का चालान किया गया है। पुलिस उसके खिलाफ कोर्ट में प्रकरण भेजेगी। साथ ही उसका लाइसेंस भी कैंसिल होगा, क्योंकि यह उसकी दूसरी बार की गई गंभीर उल्लंघन थी। SSP ने की सख्त कार्रवाई थाना आरा में पदस्थ आरक्षक राजेंद्र नगेशिया ने अपने साले को बचाने के लिए SSP से सिफारिश की। उसका साला भी नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था। SSP शशि मोहन सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए न सिर्फ साले पर 10,000 रुपए का चालान ठोका, बल्कि आरक्षक को निंदा की सजा भी दी। एसएसपी ने जनता से की अपील एसएसपी ने आम नागरिकों से अपील की है यदि कोई युवक ओवरस्पीड या मॉडिफाइड साइलेंसर के साथ गाड़ी चलाता दिखे, तो उसका फोटो या वाहन नंबर भेजें। हम तुरंत कार्रवाई करेंगे। यह पहल नागरिकों को ट्रैफिक सुधार की प्रक्रिया में सहभागी बनाने की एक सशक्त कोशिश है। आंकड़ों की ज़ुबानी पुलिस का एक्शन इस साल की शुरुआत से अब तक जशपुर पुलिस ने 142 नशे में वाहन चलाने वालों को कोर्ट में पेश किया, जिनमें से अधिकतर को अर्थदंड से दंडित किया गया। वहीं, 45 से अधिक ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए भेजे जा चुके हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0