नरसिंहपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरी का खुलासा किया:करेली में तीन आरोपी गिरफ्तार, लाखों रुपए नकद बरामद

Feb 14, 2026 - 14:49
 0  0
नरसिंहपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरी का खुलासा किया:करेली में तीन आरोपी गिरफ्तार, लाखों रुपए नकद बरामद
नरसिंहपुर की करेली पुलिस ने एक माह पुरानी अंतरराज्यीय चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से लाखों रुपए नकद बरामद किए। यह चोरी एक गुड़ भट्टी पर हुई थी। करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे ने बताया कि यह मामला 14 जनवरी को दर्ज किया गया था। फरियादी अनीश खान (55), जो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित ग्राम गादला के निवासी हैं, ने करेली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने करेली निवासी राजेश रघुवंशी की गुड़ भट्टी ग्राम छितापार में किराए पर ली थी। 12 जनवरी को अज्ञात चोरों ने गुड़ भट्टी के पास बने कमरे से पैसों से भरी लोहे की पेटी चुरा ली थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 43/2026, धारा 305ए बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अज्ञात आरोपियों का पता लगाने के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। इनको किया गिरफ्तार पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी राजा सक्सेना (26), जो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित ग्राम गादला का निवासी है, ने अपने साथियों रजत और शिवा उर्फ शिवकुमार के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। योजना के तहत, शिवा ने कमरे से लोहे की पेटी चुराई और उसे लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर ले जाकर तोड़ा। चोरों ने पेटी में रखी रकम आपस में बांट ली, जिसमें प्रत्येक के हिस्से में लगभग दो-दो लाख रुपए आए। पकड़े जाने के डर से, आरोपियों ने कुछ रकम पन्नी और थैली में भरकर गुड़ भट्टी के पास झाड़ियों में छिपा दी थी। शेष रकम लेकर वे भोपाल, हरिद्वार और उज्जैन घूमने निकल गए, जहां उन्होंने बड़ी राशि खर्च की। किसके पास कितनी राशि मिली हाल ही में, जब आरोपी गुड़ भट्टी का हिसाब करने के लिए दोबारा करेली लौटे, तो पुलिस ने संदेह के आधार पर उन्हें हिरासत में ले लिया। गहन पूछताछ के दौरान उन्होंने वारदात का खुलासा किया। पुलिस ने राजा सक्सेना से 1,10,000 रुपए, रजत से 1,23,500 रुपए और शिवा से 80,000 रुपए नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नाकर हिंगवे, उपनिरीक्षक अवधेश बघेल, प्रधान आरक्षक उमेश पटेल, कुलदीप सोमकुंवर, आरक्षक राजेश बागरी, कपिल राजपूत, सचिन पटेल, पुष्पेन्द्र सेन तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक देवेंद्र और महिला आरक्षक कुमुद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0