नीमच नगर पालिका की पीआईसी बैठक रद्द:सभापतियों की अनुपस्थिति में नहीं हो सकी 46 प्रस्तावों पर चर्चा

May 5, 2025 - 16:41
 0  0
नीमच नगर पालिका की पीआईसी बैठक रद्द:सभापतियों की अनुपस्थिति में नहीं हो सकी 46 प्रस्तावों पर चर्चा
नीमच में सोमवार को होने वाली नगर पालिका परिषद की पीआईसी बैठक में अधिकांश सभापति अनुपस्थित रहे। बैठक में 46 प्रस्तावों पर चर्चा होनी थी। नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, सभापति मनोहर मोटवानी, छाया जायसवाल, धर्मेश पुरोहित और प्रभारी सीएमओ जमनालाल पाटीदार समेत कुछ कर्मचारी समय पर पहुंचे। लंबे समय तक सभापतियों का इंतजार किया गया और फोन पर संपर्क का प्रयास भी किया गया। हालांकि, अन्य सभापतियों के नहीं पहुंचने पर नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा भी कार्यालय से चली गईं। नपा अध्यक्ष का कहना है कि शादी के सीजन के कारण कई सभापति बाहर गए हुए थे। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे ढाई साल से झूठ बोल रहे हैं। प्रभारी सीएमओ जमनालाल पाटीदार ने बताया कि अपूर्ण गणपूर्ति के कारण बैठक को आगामी दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। वहीं नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति ने आरोप लगाया कि नपा अध्यक्ष और सभापतियों के बीच आपसी तालमेल की कमी है। उन्होंने कहा कि नपा अध्यक्ष अपने निजी हितों को प्राथमिकता देती हैं और शहर के विकास कार्यों की अनदेखी करती हैं, जिससे सभापति नाराज हैं। कुछ सभापतियों का यह भी कहना है कि बैठक के एजेंडे में कई प्रस्तावों को शामिल नहीं किया गया था, जिसके विरोध में वे बैठक में नहीं पहुंचे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0