जबलपुर में बदमाश का थाने के बाहर हंगामा:कार्रवाई से बचने किया हाईवोल्टेज ड्रामा, डीजल छिड़ककर आत्महत्या की कोशिश; पुलिस ने लिया हिरासत में

Jan 2, 2026 - 16:07
 0  0
जबलपुर में बदमाश का थाने के बाहर हंगामा:कार्रवाई से बचने किया हाईवोल्टेज ड्रामा, डीजल छिड़ककर आत्महत्या की कोशिश; पुलिस ने लिया हिरासत में
अवैध रेत परिवहन पर की गई पुलिस कार्रवाई से बचने और दबाव बनाने के लिए जबलपुर में एक बदमाश ने गुरुवार देर रात जमकर हंगामा किया। आरोपी ने थाने परिसर में अपने ऊपर डीजल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की, हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने समय रहते उसे पकड़ लिया और बड़ी घटना होने से रोक ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, फिर थाने में हंगामा घटना गुरुवार रात करीब 1:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार, नए साल को देखते हुए जबलपुर पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान खमरिया क्षेत्र से रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली निकलती हुई पकड़ी गई। पुलिस ने चालक से रॉयल्टी मांगी, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर खनिज विभाग को सूचना दी। एक्टिवा की डिग्गी से निकाला डीजल पुलिस कार्रवाई की सूचना मिलते ही सुंदरपुर निवासी धर्मेंद्र यादव अपने तीन साथियों के साथ खमरिया थाने पहुंच गया। उसने ट्रैक्टर छोड़ने का दबाव बनाया। जब पुलिस ने इनकार किया तो धर्मेंद्र ने एक्टिवा की डिग्गी से बोतल में भरा डीजल निकाला और अपने ऊपर उड़ेल लिया। इसके बाद वह आग लगाने की कोशिश करते हुए इधर-उधर भागने लगा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बलपूर्वक उसे पकड़ लिया। पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि खमरिया थाने में पदस्थ कुछ पुलिसकर्मी उसे अपराध करने के लिए उकसाते हैं और शराब बेचने को कहते हैं। उसका दावा है कि पैसे न देने पर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती है। उसने कहा कि लगातार परेशान किए जाने के कारण वह यह आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर हुआ। इस दौरान यह भी सामने आया कि जब वह खुद पर डीजल डालकर आत्महत्या की कोशिश कर रहा था, तब उसके साथ मौजूद साथी उसे बचाने के बजाय वीडियो बनाने में लगे थे। बता दें कि धर्मेंद्र यादव पर पहले से पांच अपराध दर्ज हैं। कार्रवाई से बचने के लिए हंगामा किया एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि धर्मेंद्र यादव आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि अवैध रेत परिवहन करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई थी और उसी वैधानिक कार्रवाई का विरोध करने के लिए आरोपी ने यह नाटक किया। पुलिस के अनुसार, दबाव बनाने के उद्देश्य से आरोपी ने अपने ऊपर डीजल छिड़का था। फिलहाल पुलिस ने धर्मेंद्र यादव के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की है। जांच और कार्रवाई जारी घटना के बाद थाने में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और अवैध रेत परिवहन से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0