CAT Result घोषित:भोपाल के आकाशदीप ने 99.67 पर्सेंटाइल हासिल किया; 2.5 लाख उम्मीदवारों की धड़कनें बढ़ीं
देश की सबसे प्रतिष्ठित मैनेजमेंट प्रवेश परीक्षाओं में शामिल कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) 2025 का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। यह रिजल्ट बुधवार को करीब शाम 3:30 बजे आधिकारिक रूप से जारी किया गया। परीक्षा में शामिल ढाई लाख से ज्यादा उम्मीदवारों के लिए यह पल बेहद अहम रहा, क्योंकि इसी स्कोर के आधार पर उन्हें देश के शीर्ष प्रबंधन संस्थानों में दाखिले का मौका मिलेगा। रिजल्ट सामने आते ही टॉपर्स की सूची भी तैयार होने लगी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार भोपाल के आकाशदीप गोयल ने 99.67 पर्सेंटाइल हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया है। आईआईएम कोझिकोड द्वारा आयोजित इस परीक्षा के परिणाम अब आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इसके बाद हजारों अभ्यर्थियों ने एक साथ आधिकारिक वेबसाइट iimcat.ac.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड चेक करना शुरू कर दिया। ढाई लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने दी थी परीक्षा
इस वर्ष CAT 2025 में लगभग 2.58 लाख उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया। परीक्षा का आयोजन भारत के 170 शहरों में स्थित 339 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। CAT को देश की सबसे कठिन और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में गिना जाता है, क्योंकि इसके जरिए IIMs समेत कई प्रतिष्ठित बिजनेस स्कूलों में MBA और PGDM जैसे कोर्सेज में प्रवेश मिलता है। भोपाल के आकाशदीप का शानदार प्रदर्शन
रिजल्ट जारी होते ही टॉप स्कोरर्स के नाम सामने आने लगे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक भोपाल के आकाशदीप ने 99.67 पर्सेंटाइल हासिल कर मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। आकाशदीप ने ट्रिपल आईटी ग्वालियर से बीटेक की डिग्री हासिल की हैं। उनकी मां गांधी मेडिकल कॉलेज के शिशु रोग विभाग की HOD डॉ. मंजूषा गोयल हैं। डॉ. गोयल ने बताया कि आकाशदीप ने एग्जाम की पूरी तैयार घर पर रहते हुए की। वे हमेशा से कोचिंग से ज्यादा सेल्फ स्टडी पर भरोसा रखते हैं। हालांकि IIMs की ओर से आधिकारिक टॉपर लिस्ट अभी तैयार की जा रही है, लेकिन इतना तय है कि आकाशदीप का स्कोर उन्हें देश के टॉप IIMs में इंटरव्यू कॉल दिलाने के लिए पर्याप्त है। फाइनल आंसर की पहले ही हो चुकी थी जारी
IIM कोझिकोड ने CAT 2025 की फाइनल आंसर की 17 दिसंबर को जारी कर दी थी। इसके बाद उम्मीदवारों को अपने संभावित स्कोर का अंदाजा लग गया था। चूंकि परीक्षा तीन अलग-अलग स्लॉट में आयोजित की गई थी, इसलिए सभी उम्मीदवारों के अंकों को एक समान स्तर पर लाने के लिए नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया अपनाई गई। इसी प्रक्रिया के बाद फाइनल पर्सेंटाइल तय किए गए हैं, जो अब रिजल्ट के साथ घोषित किए गए। क्या होता है नॉर्मलाइजेशन?
CAT जैसी मल्टी-स्लॉट परीक्षा में हर स्लॉट की कठिनाई अलग हो सकती है। ऐसे में किसी स्लॉट के उम्मीदवार को नुकसान या फायदा न हो, इसके लिए नॉर्मलाइजेशन किया जाता है। इसमें सभी स्लॉट्स के अंकों को सांख्यिकीय तरीके से समायोजित कर एक समान पैमाने पर लाया जाता है। इसी के आधार पर उम्मीदवारों का फाइनल पर्सेंटाइल तय होता है। कट-ऑफ के बाद शुरू होगा असली मुकाबला
CAT रिजल्ट जारी होने के बाद अब अगला और अहम चरण शुरू होगा—शॉर्टलिस्टिंग। हर IIM अपनी अलग-अलग कट-ऑफ पर्सेंटाइल तय करता है। जो उम्मीदवार इस न्यूनतम कट-ऑफ को पूरा करेंगे, उन्हें दूसरे चरण के लिए बुलाया जाएगा। आमतौर पर यह कट-ऑफ टॉप IIMs के लिए काफी ऊंचा होता है। दूसरे चरण में क्या होगा?
शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को चयन के दूसरे चरण से गुजरना होगा। इसमें आमतौर पर WAT (लिखित परीक्षा), PI (पर्सनल इंटरव्यू) और कुछ संस्थान ग्रुप डिस्कशन (GD) या अन्य मूल्यांकन पद्धतियां भी अपनाते हैं। इस चरण में उम्मीदवार की सोच, व्यक्तित्व, संचार कौशल और प्रबंधन क्षमता को परखा जाता है। उम्मीदवारों को यह समझना जरूरी है कि हर IIM अपनी अलग चयन नीति अपनाता है। इनमें 10वीं, 12वीं और ग्रेजुएशन का शैक्षणिक रिकॉर्ड, कार्य अनुभव (यदि हो), इंटरव्यू और रिटन टेस्ट में प्रदर्शन, शैक्षणिक विविधता और जेंडर डायवर्सिटी जैसी बातों को भी शामिल किया जाता है। IIM कोझिकोड और अन्य IIMs ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे रिजल्ट के बाद नियमित रूप से अपनी पसंद के संस्थानों की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें। इंटरव्यू शेड्यूल, शॉर्टलिस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन से जुड़ी सारी जानकारी वहीं उपलब्ध कराई जाएगी। जिन उम्मीदवारों ने अच्छा प्रदर्शन किया है, उनके लिए अब आगे की राह चुनौतीपूर्ण लेकिन संभावनाओं से भरी है। वहीं, जिनका स्कोर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, उनके पास भी अन्य मैनेजमेंट एंट्रेंस और कॉलेजों के विकल्प खुले हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0