IAS अवॉर्ड मिलने पर सपना जैन का शहर में सम्मान:बोलीं- आगे बढ़ने में इस शहर के योगदान को नहीं भुला सकती,

Dec 1, 2025 - 20:35
 0  0
IAS अवॉर्ड मिलने पर सपना जैन का शहर में सम्मान:बोलीं- आगे बढ़ने में इस शहर के योगदान को नहीं भुला सकती,
शहर की बेटी और 2007 बैच की डिप्टी कलेक्टर सपना अनुराग जैन को हाल ही में भारत सरकार द्वारा आईएएस अवार्ड प्रदान किए जाने पर शहर ने उनका नागरिक अभिनंदन किया गया। ऋषभायतन नसियाजी पर आयोजित इस सम्मान समारोह में जैन समाज सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सेवा भावी संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वर्तमान में एडिशनल डायरेक्टर, नर्मदा घाटी, इंदौर के पद पर पदस्थ सपना जैन और उनके पति अनुराग जैन (ज्वाइंट कमिश्नर, एसजीएसटी, इंदौर) इस आयोजन में उपस्थित रहे। इस समारोह ने सपना की सफलता की कहानी को न केवल रेखांकित किया, बल्कि उनके पीछे रहे अनमोल गुरुजनों और परिजनों के त्याग को भी उजागर किया। गुरुजनों के मार्गदर्शन ने बदली दिशा समारोह में सपना और उनकी छोटी बहन प्रशासनिक अधिकारी सोनाली जैन के जीवन पर एक मार्मिक डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई। इसमें बताया गया कि अविभाजित गुना के ग्राम कचनार (अशोकनगर) से प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण करने के बाद स्व. अनिल कुमार जैन का परिवार गुना आया। गुना में दोनों बहनों की पढ़ाई औसत रही। जब उन्होंने पीएससी की तैयारी का मन बनाया तब पीजी कॉलेज के प्राध्यापक व्हीके श्रीवास्तव ने उन्हें एक सही दिशा दी और उन्हें प्रख्यात मार्गदर्शक प्रो आरके विजयवर्गीय के पास मार्गदर्शन लेने के लिए पहुँचाया। डॉक्यूमेंट्री में इस बात को विशेष रूप से रेखांकित किया गया कि प्रो विजयवर्गीय ने एक जौहरी की तरह दोनों बहनों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचाना और उन्हें निखारना शुरू किया। प्रो. विजयवर्गीय का मार्गदर्शन ही वह निर्णायक मोड़ साबित हुआ, जिसने उनकी सफलता की नींव रखी। वर्ष 2007 में इन दोनों बहनों का एक साथ मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक अधिकारियों के लिए चयन हुआ। सपना जैन की सफलता की कहानी में उनके भाई तरुण जैन के निस्वार्थ समर्पण को भी विशेष रूप से सराहा गया। डॉक्यूमेंट्री के अनुसार, उनके पिता स्व. अनिल जैन एवं माता के साथ तरुण जैन ने दोनों बहनों को प्रशासनिक सेवा की तैयारी के दौरान हर कदम पर भावनात्मक और व्यावहारिक सहयोग दिया। वे दोनों बहनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे और उनकी सफलता के मार्ग की सभी बाधाओं को दूर करने में एक मजबूत स्तंभ बने। इस अवसर पर सपना जैन और उनके परिजनों तथा ससुरालजनों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में सपना जैन के शिक्षक प्रो आरके विजयवर्गीय एवं उनकी पत्नी पूर्व प्राचार्य डॉ विनीता विजयवर्गीय के साथ गुरुजनों के अलावा विभिन्न अधिकारी और बड़ी संख्या में शहर के नागरिक मौजूद रहे। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संस्थाओं ने उन्हें सम्मानित कर गुना के प्रति उनके गौरव को स्वीकारा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0