रबी फसलों के लिए 25 को छोड़ा जाएगा पानी:दतिया में जनप्रतिनिधियों और अफसरों की बैठक के बाद लिया निर्णय, फसलों को मिलेगा पर्याप्त पानी

Nov 19, 2025 - 09:39
 0  0
रबी फसलों के लिए 25 को छोड़ा जाएगा पानी:दतिया में जनप्रतिनिधियों और अफसरों की बैठक के बाद लिया निर्णय, फसलों को मिलेगा पर्याप्त पानी
दतिया में जिले के किसानों के लिए इस वर्ष रबी सीजन राहतभरा होने जा रहा है। बांधों में पर्याप्त जल पानी रहने से सिंचाई व्यवस्था सुचारू रहने की उम्मीद बढ़ गई है। जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने तय किया है कि आगामी 25 नवंबर से जिले की सभी नहरों में पानी छोड़ा जाएगा, जिससे रबी फसलों की बोवनी और सिंचाई कार्य समय पर हो सकेंगे। रबी सीजन की तैयारियों को लेकर हाल ही में जनप्रतिनिधियों और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की विस्तृत बैठकें आयोजित की गईं। इसके साथ ही ग्राम स्तर पर किसानों और कृषक संगठनों के साथ भी संवाद किया गया। ग्रामीण बैठकों में अधिकतर किसानों ने 25 से 30 नवंबर के बीच नहरों में पानी उपलब्ध कराने की मांग रखी थी। किसानों की सामूहिक सहमति, क्षेत्रीय आवश्यकताओं और जल उपलब्धता के तकनीकी मूल्यांकन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने 25 नवंबर से नहरों में पानी छोड़ने का निर्णय लिया है। अधिकारी मानते हैं कि इस कदम से जिले भर में रबी फसलों की बोवनी समय पर शुरू होगी और किसानों को सिंचाई जल की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिला प्रशासन ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि खेती के इस महत्वपूर्ण मौसम में किसानों को किसी भी प्रकार की जल-संकट की स्थिति से बचाया जाए। निर्णय से पूरे जिले की कृषि व्यवस्था को लाभ मिलने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0