रील बनाने के दौरान हाथ में लगी गोली:सतना में विरोधी को फंसाने गढ़ी फर्जी कहानी, 3 साथी गिरफ्तार
सतना के नागौद गोलीकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। चार दिन पहले हुए इस मामले में घायल युवक के तीन साथियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक को रील बनाने के दौरान गोली लगी थी और उसने विरोधी को फंसाने के लिए फर्जी कहानी गढ़ी थी। यह घटना 14 नवंबर की शाम को सामने आई थी। समीर (22) के बाएं हाथ में गोली लगी थी। समीर ने पुरानी रंजिश के चलते निशांत सिंह और उसके दो साथियों पर गोली चलाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने जब जांच शुरू की और निशांत की तलाश की, तो पता चला कि वह कई महीनों से पुणे में रहकर काम कर रहा है। इस जानकारी के बाद पुलिस का शक समीर पर गहराया। अस्पताल में मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर समीर ने पूरी सच्चाई बता दी। वीडियो बनाने के दौरान लगी गोली आरोपी समीर ने पुलिस को बताया कि घटना के दिन वह अपने दोस्तों संजय (25), हिमांशु उर्फ मत्ते (21) और प्रदीप (24) के साथ नागौद में गांजा पीने के बाद प्रदीप की कार से घूम रहा था। इसी दौरान स्नैपचैट पर वीडियो बनाने के लिए उसने लोडेड कट्टा निकाला, तभी अचानक ट्रिगर दबने से गोली चल गई। तीनों गिरफ्तार, कार जब्त गोली चलने के बाद समीर ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर निशांत को फंसाने की योजना बनाई और पुलिस को मनगढ़ंत कहानी सुनाई। पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर धारा 196, 126(2), 109(1), 351(3), 3(5), बीएनएस और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी हिमांशु, संजय और प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही 17 लाख रुपए कीमत की कार को भी जब्त किया गया है। मुख्य आरोपी समीर अभी भी अस्पताल में भर्ती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0