इनवेस्टमेंट के नाम पर 2 करोड़ की ऑनलाइन ठगी:पुलिस ने रतलाम से तीन युवक को गिरफ्तार किया, डबल मुनाफे का लालच दिया था

Nov 15, 2025 - 08:43
 0  0
इनवेस्टमेंट के नाम पर 2 करोड़ की ऑनलाइन ठगी:पुलिस ने रतलाम से तीन युवक को गिरफ्तार किया, डबल मुनाफे का लालच दिया था
रतलाम के दो युवकों ने अपने दो साथियों के साथ मिल कर कर्नाटक के मंगलुरु के कार ट्रेडिंग व रियल एस्टेट कारोबारी के साथ 2 करोड़ रुपए की ऑनलाइन ठगी कर दी। युवकों ने ऑनलाइन निवेश कर डबल मुनाफा कमाने का लालच दिया। कारोबारी युवकों के झांसे में आ गए। 2 करोड़ रुपए जमा कराने के बाद तीन माह से युवक कॉल रिसीव नहीं कर रहे थे। कारोबारी ने कर्नाटक पुलिस को सूचना दी। कर्नाटक पुलिस रतलाम पहुंची और चार में से तीन युवकों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। एक को नोटिस दिया गया है। बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान के मुताबिक, उमर फारुक ने मंगलुरु सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 1 मई 2022 को उनके व्हाट्सएप पर अंकित नाम के व्यक्ति ने संपर्क किया और कहा कि वह 'डेलटिन रॉयल कंपनी' से बोल रहा है। आरोप था कि कंपनी में निवेश करने पर रुपए दोगुना कर दिए जाते हैं। उसने अपने पार्टनर सुमित (27) पिता सुरेश जायसवाल, कुशाग्र (23) पिता अनिल जैन दोनों निवासी बिलपांक जिला रतलाम, अखिल (29) पिता सतीश मंडरा निवासी बदनावर जिला धार बताया। रुपए दोगुना का लालच दिया अंकित ने फारूक को बताया कि मेरे पार्टनर विदेश में रुपए निवेश कर रुपए दो गुना कर रिटर्न देते हैं। इसमें कोई जोखिम भी नहीं है। फारुख ने इन पर भरोसा कर 1 मई 2022 को फेडरल बैंक खाते से स्कैनर के जरिए 3,500 रुपए भेजे। जिसके एवज में उसी दिन 1 हजार रुपए मुनाफा मिल गया। इसके बाद फारुख ने मई 2022 से 29 अगस्त 2025 अपनी पत्नी फातिमा, चाचा इस्माइल, भतीजी आयशा अफीका के खाते से 2 करोड़ से ज्यादा रुपए यूपीआई व आईएमपीएस के आरोपियों द्वारा दिए गए विभिन्न खातों में ट्रांसफर किए। कॉल करने पर कोई जवाब नहीं मिला इसके बाद आखिरी के तीन माह में फारुख ने इन लोगों को काफी कॉल किए। मैसेज किए लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब उन्होंने अंकित से रकम मांगी तो उसने कहा कि बाकी तीन लोगों ने उसे भी धोखा दिया है और वह अब उनकी पार्टनरशिप में नहीं है। आरोपियों ने फारुक को धमकी भी दी कि पैसे वापस नहीं करेंगे और पुलिस में गए तो जान से मार देंगे। शिकायत के बाद कर्नाटक पुलिस रतलाम के बिलपांक पहुंची। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया और ट्रांजिट रिमांड लेकर उन्हें कर्नाटक ले जाया गया। टीआई अयूब खान ने बताया कि अंकित को नोटिस दिया गया है। वह बदनावर का रहने वाला है और वर्तमान में इंदौर में रहता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0