शराब दुकानों के सामने चल रहे अवैध अहाते:छिंदवाड़ा में रोक के बावजूद आबारी विभाग की कार्रवाई नहीं, आमजन परेशान

Nov 15, 2025 - 08:43
 0  0
शराब दुकानों के सामने चल रहे अवैध अहाते:छिंदवाड़ा में रोक के बावजूद आबारी विभाग की कार्रवाई नहीं, आमजन परेशान
छिंदवाड़ा में शराब दुकानों के सामने अहातों और चखना सेंटर पर सख्त रोक के आदेश जारी होने के बावजूद शहर में नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। निगम क्षेत्र में सात से अधिक शराब दुकानों के सामने अहाते और चखना सेंटर खुलेआम चल हो रहे हैं। आबकारी विभाग इनकी मौजूदगी मानने को तैयार नहीं है, जबकि आमजन लगातार परेशानी झेल रहा है। बीते दिनों आयोजित बैठक में सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों ने आबकारी विभाग से इन अवैध अहातों को लेकर सवाल उठाए थे। हालांकि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। कोतवाली पुलिस भी शहर के बीचोंबीच चल रहे इन अहातों पर मौन स्वीकृति देती दिख रही है। शहर के प्रमुख इलाकों में हो रहा अवैध संचालन शहर के कई प्रमुख और भीड़भाड़ वाले इलाकों में शराब दुकानों के सामने अहाते संचालित हो रहे हैं। इसमें बस स्टैंड के सामने, फव्वारा चौक, चंदनगांव बस स्टैंड के पास, इमलीखेड़ा, परासिया रोड, अलका टॉकिज के बाजू में दीवाचिपुरा और खजरी रोड शामिल है। इन क्षेत्रों में शराब दुकान के पास ही खुलेआम बैठकर शराब परोसी जा रही है। आसपास गंदगी, भीड़ और नशेड़ियों की आवाजाही से स्थानीय लोगों का जीवन कठिन हो गया है। विभाग और पुलिस पर लापरवाही के आरोप स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आबकारी नीति साफ तौर पर अहातों की मनाही करती है। परासिया रोड स्थित शराब दुकान के पास रहने वाले गौरव पटेल ने कहा कि न विभाग देख रहा है, न पुलिस। सवाल यह है कि इन लोगों को लाइसेंस किसने दिया?" अहाते आबकारी नीति के खिलाफ संचालित हो रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं दिख रही। अवैध अहातों के कारण रात में विवाद, गंदगी, शोर और असामाजिक गतिविधियों में बढ़ोतरी हो रही है। आमजन परेशान है, लेकिन विभागीय कार्रवाई न के बराबर है। शहर के बीचोंबीच चल रहे अवैध अहातों पर प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0