कलेक्टर ने लगवाई बोली, 2300 में बिकी मक्का:आरोन कृषि उपज मंडी का निरीक्षण करने पहुंचे; 1600 के आसपास चल रहा भाव

Nov 14, 2025 - 08:47
 0  0
कलेक्टर ने लगवाई बोली, 2300 में बिकी मक्का:आरोन कृषि उपज मंडी का निरीक्षण करने पहुंचे; 1600 के आसपास चल रहा भाव
जिले में गुरुवार का दिन आरोन इलाके के किसानों के लिए उम्मीद, उत्साह और राहत लेकर आया, जब कलेक्टर ने आरोन कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया। कलेक्टर के पहुंचते ही मंडी में बोली लगाने का माहौल बदल गया। कलेक्टर के बोली लगवाने पर एक किसान की मक्का 1600 की जगह 2300 रुपए प्रति क्विंटल बिकी। दरअसल, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल गुरुवार को आरोन इलाके के दौरे पर थे। वे सबसे पहले बरखेड़ा हाट स्थित स्कूल में पहुंचे। यहां उन्होंने छात्रों से चर्चा की। साथ ही उन्होंने बरखेड़ा हाट में ही SIR के संबंध में अधिकारियों और BLO की बैठक की। उन्होंने SIR काम की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी BLO गंभीरता से इस काम को करें। इसके बाद कलेक्टर आरोन कृषि उपज मंडी पहुंचे। सबसे रोचक दृश्य तब देखने को मिला, जब कलेक्टर ने एक किसान से पूछा— कितना भाव जाएगा? किसान ने सहज भाव से कहा— लगभग 1600 तक। लेकिन जैसे कलेक्टर ने बोली लगवानी शुरू की ही, मक्का का मूल्य सीधे 2300 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया। अचानक बढ़े भाव को देखकर किसान के चेहरे पर चमक और मुस्कान दोनों एक साथ खिल उठे। किसानों ने कहा कि प्रशासन की पारदर्शी नीलामी व्यवस्था का यही परिणाम है कि उन्हें बाजार का सही मूल्य मिल पा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी किया निरीक्षण इससे पहले कलेक्टर कन्याल ने आरोन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। ड्रेसिंग रूम में माइनर फ्रैक्चर से पीड़ित बच्चे से मिलकर उन्होंने उसका मनोबल बढ़ाया और पढ़ाई के बारे में पूछा। कलेक्टर ने जनरल ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे कक्ष, दंत चिकित्सा कक्ष, एएनसी रूम सहित सभी विभागों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मेडिकल स्टोर में रखी दवाओं की एक्सपायरी डेट चेक की और अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में गुटखा थूकने पर 500 रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। इसी बीच उन्होंने एक व्यक्ति को गुटखा खाते देखा और मौके पर ही उसे गुटखा छोडऩे की शपथ दिलाई। आरोन मंडी निरीक्षण में किसानों ने कलेक्टर से खुलकर चर्चा की। बेहतर भाव मिलने से किसान खुश नजर आए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम आरोन महेश बमन्हा, उपसंचालक कृषि संजीव शर्मा, आरोन मंडी सचिव मनोज शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0