आमला में किसान कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाया:राज्यपाल के नाम मक्का की MSP पर खरीदी समेत 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा
बैतूल के आमला में आज (शनिवार) मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस ब्लॉक आमला के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने जनपद चौक पर किसानों की समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला दहन किया गया। बाद में राज्यपाल के नाम तहसीलदार को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। प्रदर्शन में किसान कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस और सेवा दल सहित विभिन्न कांग्रेस विंग के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत वागदरे, विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे मनोज मालवी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज देशमुख और नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे जैसे प्रमुख नेता भी मौजूद रहे। किसान कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रविकांत उघड़े और जिला अध्यक्ष जगदीश कोचरे के नेतृत्व में तहसीलदार रिचा कौरव को राज्यपाल के नाम दस सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में प्रमुख मांगों में पीला मोजैक से खराब हुई सोयाबीन फसलों का तत्काल सर्वे कर मुआवजा और बीमा लाभ देने की मांग की गई। मक्का फसल समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग
इसके साथ ही मक्का की फसल को समर्थन मूल्य पर खरीदने, अतिवृष्टि से प्रभावित मक्का का मुआवजा देने और रबी फसलों की सिंचाई के लिए 10 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल थी। अन्य मांगों में उद्यानिकी फसलों जैसे आलू, मटर, भिंडी और गोभी को बीमा योजना में शामिल करने की बात कही गई। किसानों ने विपणन समिति आमला से यूरिया खाद की नियमित आपूर्ति शुरू करने और उप मंडी आमला में शीघ्र सब्जी मंडी प्रारंभ करने की भी मांग की। इसके अतिरिक्त, गन्ना खरीदी का मूल्य ₹400 प्रति क्विंटल करने, 'मां की बगिया' योजना के तहत मजदूरी भुगतान तत्काल किसानों के खातों में डालने, बिजली कर्मचारी दिलीप झरबड़े और सुनील शर्मा के स्थानांतरण को रद्द करने तथा किसानों के खेतों तक पहुंचने वाले मार्गों के निर्माण की स्वीकृति देने की भी अपील की गई। इस दौरान पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना रहा और पुतला दहन के बाद प्रतीकात्मक रूप से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करता दिखा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0