87 लाख का छात्रावास एक साल से बंद:पलारी में असामाजिक तत्वों ने तोड़ी खिड़कियां, दीवारों में दरारें, हैंडओवर भी नहीं लिया गया
बलौदाबाजार जिले के पलारी नगर पंचायत के वार्ड नंबर- 15 में स्थित 50 सीटों वाला प्री-मैट्रिक एसटी बालिका छात्रावास भवन एक साल से खाली पड़ा है। लगभग 87 लाख रुपए की लागत से बना यह भवन असामाजिक तत्वों का निशाना बन रहा है। हाल ही में अज्ञात लोगों ने इसकी खिड़कियों के कांच तोड़ दिए हैं और कमरों के अंदर आग लगाकर नुकसान पहुंचाया है। पीडब्ल्यूडी की ओर से इस भवन का निर्माण एक सुनसान जगह पर किया गया है। यहां न तो पक्की सड़क है, न बाउंड्रीवॉल, न बिजली की व्यवस्था और न ही पानी की उचित आपूर्ति। इन बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर स्थानीय लोग और अधिकारी चिंतित हैं। छात्रावास भवन पिछले एक साल से बनकर तैयार है, लेकिन संबंधित विभाग ने अभी तक इसे हैंडओवर नहीं लिया है। अधिकारियों के अनुसार, इसका मुख्य कारण अनुपयुक्त निर्माण स्थल और आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का पूरा न होना है, जिसके चलते छात्रावास को चालू करना संभव नहीं हो पा रहा है। जल्द ही हॉस्टल को हेडओवर इस मामले में आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त सूरज दास मानिकपुरी ने बताया कि हॉस्टल में सड़क और बाउंड्री वॉल की मांग को लेकर सर्व आदिवासी समाज की ओर से एक सप्ताह पहले कलेक्टर को आवेदन दिए गए हैं। हॉस्टल में शिफ्ट कराने के लिए भी हम प्रयास कर रहे हैं। दिवाली के बाद में हॉस्टल का निरीक्षण कर अधूरे काम जल्द पूरा करने कहूंगा और जल्द ही हॉस्टल को हेडओवर ले लेंगे। ये है स्थानीय लोगों की मांग हालांकि, स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि केवल आश्वासन भर से काम नहीं चलेगा। उनकी मांग है कि एक उच्च-स्तरीय जांच के माध्यम से भवन के निर्माण की गुणवत्ता और स्थान के चयन की प्रक्रिया की जांच की जाए। साथ ही, एक निर्धारित समय सीमा के अंदर सड़क, बाउंड्रीवॉल और बिजली की व्यवस्था पूरी कर छात्रावास को शिफ्ट किया जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0