दरोगा की धमकी के बाद किसान पंचायत निलंबन की मांग:ग्रीन फील्ड हाइवे पर मुआवजा बढ़ाया जाए, मंगलवार को कलेक्टर-एसपी को सौंपेंगे ज्ञापन
आगरा से ग्वालियर के बीच बनने वाले ग्रीन फील्ड हाईवे को लेकर जमीन अधिग्रहण का विरोध कर रहे किसानों और पुलिस के बीच विवाद अब बढ़ गया है। किसानों का आरोप है कि थाना माता बसैया प्रभारी एसआई अरुण कुशवाह ने उन्हें धमकाया और आठ किसानों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए हैं। इस घटना के विरोध में रविवार रात डोंगरपुर गांव में किसानों की पंचायत हुई, जिसमें थाना प्रभारी को निलंबित करने और जमीन का मुआवजा बढ़ाने की मांग उठी। किसानों ने फैसला लिया है कि 14 अक्टूबर, मंगलवार को जिला मुख्यालय पर रैली निकालकर कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपेंगे। पुलिस पर गाली गलौज और मारपीट का आरोप
गांव के किसान अशोक लोधी ने पंचायत में आरोप लगाया कि वह अपनी पत्नी के साथ खेत में बाजरा काट रहा था, तभी थाना प्रभारी अरुण कुशवाह आए और उसे पास बुलाने लगे। पुलिस वर्दी में न होने के कारण वह पहचान नहीं सका और पास जाने से मना कर दिया। इस पर थाना प्रभारी ने उसके पास जाकर गालियां दीं और मारपीट की। जब पत्नी ने बीच-बचाव किया तो उसके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। अशोक ने बताया कि पुलिस उसे खींचकर गाड़ी में डालकर थाने ले गई, जहां मारपीट कर जबरन गांव के अन्य किसानों के नाम पूछे गए। विरोध के बाद किसान को छोड़ा
यह घटना शनिवार की है, जब ग्रीन फील्ड हाईवे की टीम डोंगरपुर गांव में जमीन का सर्वे करने पहुंची थी। किसानों ने कम मुआवजे का विरोध किया, जिसके बाद टीम ने पुलिस को बुला लिया। थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और विरोध शांत कराया, लेकिन बाद में किसान अशोक लोधी को थाने ले गए। रात में जब अन्य किसानों को इसकी खबर लगी तो वे थाने पहुंचे। करीब रात 9 बजे पुलिस ने अशोक को छोड़ दिया, लेकिन किसानों का कहना है कि तब तक थाना प्रभारी ने किसी एफआईआर की जानकारी नहीं दी थी। अशोक को छोड़ते समय थाना प्रभारी ने किसानों से कहा कि “ऊपर से लाल-नीले कर दूंगा,” जिससे किसान और नाराज हो गए। पंचायत ने लिया यह फैसला
किसानों की पंचायत में रामप्रकाश गुर्जर (सेवानिवृत्त शिक्षक) और रामचरित्र माहना समेत कई किसानों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी ने बिना वजह किसानों पर केस दर्ज किया है। किसानों की जमीन जा रही है, इसलिए विरोध करना उनका संवैधानिक अधिकार है। जिस तरह किसान को थाने ले जाकर मारपीट की गई, वह पूरी तरह गलत है। किसानों ने निर्णय लिया कि 14 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर एकत्रित होकर रैली निकाली जाएगी, जिसमें कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन देकर थाना प्रभारी पर कार्रवाई और मुआवजा बढ़ाने की मांग की जाएगी। एसपी ने दिए जांच के आदेश इस मामले में एसपी समीर सौरभ ने थाना प्रभारी एसआई अरुण कुशवाह के खिलाफ जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। पुलिस विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0