बहादुरगढ़ में नंदी की मौत पर ग्रामीणों ने बनवाई प्रतिमा:गोसेवा और इंसानियत की दी मिसाल, मंदिर में की स्थापित

Sep 5, 2025 - 18:39
 0  0
बहादुरगढ़ में नंदी की मौत पर ग्रामीणों ने बनवाई प्रतिमा:गोसेवा और इंसानियत की दी मिसाल, मंदिर में की स्थापित
झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में गोसेवा और इंसानियत की एक अनोखी मिसाल बहादुरगढ़ के सराय औरंगाबाद गांव में देखने को मिली। गांव में पिछले 20 साल से रह रहे एक नंदी की कुछ दिन पहले मौत हो गई थी। नंदी को पूरे गांव ने अपने परिवार के सदस्य की तरह पाला और सेवा की। हर घर नंदी को भोजन-पानी देता था और गांव के बच्चे-बूढ़े सभी उनसे विशेष लगाव रखते थे। अमावस्या के दिन हुआ था निधन अमावस्या के दिन नंदी का निधन हो गया तो पूरे गांव ने उनके प्रति अपनी श्रद्धा और गोसेवा के प्रति समर्पण दिखाते हुए उनकी प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया। गांव के जोहड़ वाला मंदिर में शुक्रवार को पूरे विधि-विधान के साथ नंदी की प्रतिमा स्थापित की गई। इससे पहले बैंड-बाजे के साथ नंदी की प्रतिमा की परिक्रमा पूरे गांव में कराई गई और महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। स्थापना की खुशी में लगाया भंडारा मंदिर परिसर में प्रतिमा स्थापना की खुशी में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया। ग्रामीण सोनू और जयप्रकाश का कहना था कि नंदी केवल एक पशु नहीं, बल्कि उनके लिए परिवार का हिस्सा थे। उनकी सेवा करके पूरे गांव को गोसेवा और संरक्षण का भाव मिला। ग्रामीणों ने कहा कि गोवंश को सड़कों पर बेसहारा छोड़ना समाज के लिए गलत संदेश है। जीवों के प्रति हमारी भी जिम्मेदारी इंसान का दायित्व है कि वह गोवंश का पालन-पोषण करे और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करे। ग्रामीणों ने आयोजन के जरिए संदेश दिया कि इंसानियत सिर्फ एक-दूसरे की सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि गोवंश जैसे जीवों के प्रति भी हमारी जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने कहा कि यदि हर गांव और हर शहर में लोग इस सोच को अपनाएं, तो गोवंश को बेसहारा भटकना न पड़े। सराय औरंगाबाद गांव का यह प्रयास न केवल गोसेवा का उदाहरण है, बल्कि समाज के लिए इंसानियत का भी प्रेरणादायक संदेश है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0