जबलपुर में VIDEO नहीं चले तो यूट्यूबर बनी चोर:कुकिंग चैनल बंद हुआ, कर्ज उतारने 10 लाख के गहनों पर किया हाथ साफ़

Aug 20, 2025 - 09:33
 0  0
जबलपुर में VIDEO नहीं चले तो यूट्यूबर बनी चोर:कुकिंग चैनल बंद हुआ, कर्ज उतारने 10 लाख के गहनों पर किया हाथ साफ़
जबलपुर पुलिस ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है, जो कभी यूट्यूबर बनकर लोगों को स्वादिष्ट व्यंजन बनाना सिखाती थी। लेकिन चैनल फ्लॉप होने और कर्ज में डूबने के बाद उसने चोरी का रास्ता चुन लिया। महिला ने अपनी परिचित के घर से 10 लाख रुपए से ज्यादा के गहने चोरी किए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्कूटी के नंबर के आधार पर आरोपी को पकड़ा और चोरी का माल बरामद कर लिया। गोहलपुर पुलिस ने रजा चौक निवासी संजीदा बी (38 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। वह हाउसवाइफ होने के साथ-साथ यूट्यूबर भी थी। खाना बनाने के शौक में उसने दर्जनों वीडियो बनाकर यूट्यूब पर पोस्ट किए, लेकिन चैनल पर न लाइक्स आए और न ही सब्सक्राइबर। डिश बनाने में लगातार खर्च बढ़ता गया, जिसे पूरा करने के लिए उसने बाजार से लाखों रुपए का कर्ज ले लिया। चैनल बंद होने और कर्ज चुकाने का दबाव बढ़ने पर महिला ने चोरी करना शुरू कर दिया। ऐसे दिया वारदात को अंजाम आरोपी संजीदा को अपनी परिचित साजदा बी (32) के घर का आना-जाना था। 17 जुलाई को उसने देखा कि साजदा ने अपने बैग में घर की चाबी रखी है। संजीदा ने मौका पाकर चाबी निकाल ली और स्कूटी से करीब 4 किलोमीटर दूर साजदा के ससुराल पहुंच गई। वहां चाबी से दरवाजा खोला, अलमारी से कीमती जेवरात निकाल लिए और फिर उसी सफाई से दरवाजा बंद कर लौट आई। बाद में चाबी वापस साजदा के बैग में रख दी। पांच दिन बाद खुला राज 22 जुलाई को साजदा मायके से ससुराल लौटी और अलमारी खोली तो जेवरात गायब मिले। घर के दरवाजे और ताले सही सलामत होने से मामला रहस्यमयी लग रहा था। परिवार ने मिलकर खोजबीन की, लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो 24 जुलाई को थाने में शिकायत दर्ज कराई। सीसीटीवी में आई पहचान गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे ने बताया कि टीम ने इलाके के 50 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इनमें एक महिला बुर्का पहने नजर आई, लेकिन चेहरा ढका होने से पहचान मुश्किल थी। पुलिस ने महिला की गाड़ी का नंबर ट्रेस किया तो वह संजीदा के नाम पर निकली। संजीदा पर शक गहराया और साजदा से भी पुष्टि हुई कि उसका आरोपी के घर आना-जाना था। कबूल किया जुर्म, बरामद हुए गहने पुलिस ने संजीदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले उसने इनकार किया, लेकिन सबूतों के सामने उसने चोरी कबूल कर ली और छिपाए हुए गहनों का ठिकाना भी बता दिया। पुलिस ने उसके पास से 10 लाख रुपए से अधिक मूल्य के जेवरात बरामद किए। इनमें सोने के 2 हार, 2 कंगन, मंगलसूत्र, 3 अंगूठियां, कान के टॉप्स, नाक की नथनी, लाकेट, चेन और चांदी की पायल व बिछिया शामिल हैं। चोरी में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई है। चैनल से कमाई का सपना देखा था टीआई पांडे के मुताबिक, महिला ने बताया कि उसने यूट्यूब चैनल से कमाई का सपना देखा था, लेकिन चैनल बंद हो गया और उस पर 3 से 4 लाख रुपए का कर्ज चढ़ गया। कर्जदाता लगातार दबाव बना रहे थे, जिससे मजबूरी में उसने चोरी का सहारा लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0