छिंदवाड़ा में ब्लैक फिल्म और मॉडिफाइड साइलेंसर पर सख्ती:पुलिस ने एक दिन में वसूला 82 हजार का जुर्माना; सांसद के निर्देश के बाद कार्रवाई
छिंदवाड़ा जिले की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। अब काली फिल्म लगी कारें, तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट गाड़ियां और बिना हेलमेट चलने वाले वाहन चालकों पर पुलिस की पैनी नजर है। यातायात पुलिस और जिले के सभी थानों की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 82,900 रुपए का जुर्माना वसूला है। 72 कारों से हटाई काली फिल्म, 8 बुलेट से साइलेंसर निकाले यातायात डीएसपी रामेश्वर चौबे ने बताया कि विशेष अभियान के तहत 72 कारों के कांचों से काली फिल्म हटाई गई और चालान काटकर 36,000 रुपए का जुर्माना लिया गया। वहीं, 8 बुलेट बाइक पर कार्रवाई करते हुए उनके मॉडिफाइड साइलेंसर हटाए गए और 8 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा बिना हेलमेट और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 92 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई, जिनसे 38,900 रुपये की राशि वसूल की गई। तीन वाहन चालकों पर शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में न्यायालयीन कार्रवाई की गई है। इस प्रकार कुल 172 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 82,900 रुपए का जुर्माना वसूला गया। दूसरे राज्यों की नंबर प्लेट और सीट बेल्ट पर भी नजर पुलिस अधीक्षक निवेदिता गुप्ता ने बताया कि पहले अभियान सिर्फ हेलमेट, सीट बेल्ट और गाड़ी के कागजों तक सीमित था, लेकिन अब इसमें काली फिल्म लगी गाड़ियां और दूसरे राज्यों की नंबर प्लेट वाली गाड़ियां भी शामिल कर ली गई हैं। सड़कों पर अलग-अलग जगह पर पुलिस ने जांच नाके लगाए हैं, जहां हर गाड़ी की बारीकी से जांच की जा रही है। नेताओं की सिफारिश भी नहीं हो रही कारगर पुलिस कार्रवाई के दौरान कई बार वाहन चालक अपने इलाके के किसी नेता को फोन कर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन अब यह तरीका भी काम नहीं आ रहा है। पिछले दिनों सड़क सुरक्षा सप्ताह की बैठक में सांसद द्वारा सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद पुलिस हर नियम तोड़ने वाले पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है, चाहे वह किसी भी दल या वर्ग से जुड़ा क्यों न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0