नंदी को सुअर मार बम खिलाने वाला अधेड़ पकड़ाया:आरोपी हिरासत में इलाके में मांस कारोबार और पालतू जानवर चोरी के आरोप भी

Jul 23, 2025 - 21:20
 0  0
नंदी को सुअर मार बम खिलाने वाला अधेड़ पकड़ाया:आरोपी हिरासत में इलाके में मांस कारोबार और पालतू जानवर चोरी के आरोप भी
छिंदवाड़ा शहर में आवारा पशुओं से परेशान एक अधेड़ व्यक्ति ने अमानवीय हरकत कर दी। रघुवंशीपुरा स्थित रविदास मंदिर के पास एक अधेड़ ने नंदी को जान से मारने की नीयत से सुअर मार बम (क्रूड विस्फोटक) खिलाया, जिससे नंदी बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया। कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान मुकेश पिता सुत्तू लाल गोदरे, निवासी तिलक चौक, रघुवंशीपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने घर के पास घूमने वाले आवारा जानवरों से परेशान था। सुबह उसने पहले तो नंदी और अन्य जानवरों को चारा दिया, लेकिन उस चारे की लोई में सुअर मार बम छुपाकर रख दिया। कुछ ही देर बाद एक नंदी ने वह लोई खा ली, जिसके बाद विस्फोट हुआ और नंदी का जबड़ा बुरी तरह फट गया। लोगों ने जताया आक्रोश, आरोपी की जमकर धुनाई घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश देखा गया। घायल नंदी को देखकर लोग मौके पर जमा हो गए और उन्होंने आरोपी मुकेश को पकड़कर जमकर फटकार लगाई। स्थानीय लोगों ने उस पर अवैध मांस कारोबार और पालतू जानवरों की चोरी के भी आरोप लगाए। उन्होंने मांग की कि आरोपी को कठोर से कठोर सजा दी जाए। नंदी की इलाज के दौरान मौत, आरोपी पर केस दर्ज घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नंदी को इलाज के लिए पशु चिकित्सालय भिजवाया। इसके बाद उसे गौशाला में रखा जहाँ बुधवार की सुबह उसकी मौत हो गई पुलिस ने आरोपी मुकेश को तत्काल हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है। कोतवाली टीआई आशीष कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और विस्फोटक अधिनियम सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही है। क्या है सुअर मार बम? ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर जंगली सुअरों से फसल बचाने के लिए कुछ लोग क्रूड बम (सुअर मार बम) बनाते हैं, जो लोई या फल में छुपाकर रखे जाते हैं। ऐसे बम विस्फोटक होते हैं और किसी भी जानवर के मुंह में फटने पर गंभीर जानलेवा चोट पहुंचाते हैं। यह तरीका पूरी तरह अवैध और खतरनाक है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0