इंटरस्टेट बदमाश को पुलिस ने गोली मारकर पकड़ा:18 लाख की लूट में फरार था बदमाश; पकड़ने गई पुलिस पर की फायरिंग, जवान घायल

Jul 8, 2025 - 09:49
 0  0
इंटरस्टेट बदमाश को पुलिस ने गोली मारकर पकड़ा:18 लाख की लूट में फरार था बदमाश; पकड़ने गई पुलिस पर की फायरिंग, जवान घायल
ग्वालियर पुलिस ने मंगलवार सुबह एक शॉर्ट एनकाउंटर के दौरान खतरनाक इंटरस्टेट लुटेरे कौशल गुर्जर को पकड़ लिया। यह वही बदमाश है जो उज्जैन के नागदा में 18 लाख रुपए की लूट के केस में फरार था। उसके खिलाफ राजस्थान के अजमेर, मध्यप्रदेश के मुरार, डबरा, दतिया और पिछोर में लूट और डकैती के कई मामले दर्ज हैं। अजमेर पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। बहन से मिलने आया, पुलिस पर चलाई गोली क्राइम ब्रांच एएसपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कौशल गुर्जर तड़के फूलबाग स्थित अस्पताल में भर्ती अपनी बहन से मिलने आया है। क्राइम ब्रांच की टीम ने अस्पताल के बाहर घेराबंदी की। खुद को फंसा देख कौशल और उसके साथी ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें क्राइम ब्रांच का जवान जेनेंद्र गुर्जर पेट और हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पहाड़ी पर दोबारा मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में पैर में गोली पहली गोलीबारी के बाद कौशल मौके से फरार हो गया। इसके बाद क्राइम ब्रांच, पड़ाव, डबरा और कंपू थाना पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। कुछ घंटों बाद उसे कैंसर पहाड़ी के जंगल में ट्रेस किया गया।यहां भी कौशल ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने पहले सरेंडर करने को कहा, लेकिन बदमाश ने गोली दाग दी। जवाब में पुलिस ने गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी, और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका एक साथी मौके से बाइक पर भाग निकला, जिसकी तलाश जारी है। ट्रॉमा सेंटर में भर्ती, पूछताछ शुरू घायल बदमाश को मौके से गिरफ्तार कर पुलिस ने जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। उससे पूछताछ जारी है। पुलिस को शक है कि उसकी गैंग कई और लूट की वारदातों में भी शामिल रही है। फायरिंग का आदी है कौशल, कई जिलों में केस दर्ज कौशल गुर्जर एक शातिर अपराधी है और लूट के दौरान कट्टे से फायरिंग करना इसकी आदत में शामिल है।उसके खिलाफ उज्जैन, अजमेर, मुरार, डबरा, दतिया, पिछोर समेत कई जिलों में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। राजस्थान और मध्यप्रदेश की पुलिस उसे लंबे समय से तलाश रही थी। देवर-भाभी से की थी लूट, मारपीट कर छीने थे गहने कौशल हाल ही में हुई पिछोर लूटकांड में भी शामिल था। यह वारदात 25 जून की रात गोहिंदा गांव में हुई थी।सपना बघेल और देवर छोटू बघेल कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी तीन नकाबपोश हथियारबंद लुटेरों ने उन्हें रोक लिया। कट्टा अड़ाकर दोनों के साथ मारपीट की गई और मंगलसूत्र, सोने का हार, झुमके, बिछिया, पायल समेत अन्य जेवर लूट लिए गए। छोटू बघेल ने बताया कि बदमाशों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस गैंग का लीडर कौशल गुर्जर ही था। पुलिस बोली- दो बार की फायरिंग में जवाब देना पड़ा एएसपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि “बदमाश कौशल ने दो बार पुलिस टीम पर फायरिंग की। पहली मुठभेड़ में एक जवान घायल हुआ। दूसरी मुठभेड़ में जवाबी कार्रवाई कर पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार किया गया। अब उससे पूछताछ की जा रही है और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।”

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0