नर्मदापुरम में आज से समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी शुरू:जिलेभर में 68 केंद्र बनाए, पंजीयन की तारीख बढ़ाने की मांग
नर्मदापुरम जिले में सोमवार 8 जुलाई से समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीदी शुरू हो गई है। यह खरीदी 8 अगस्त तक चलेगी। इस बार सरकार ने मूंग का समर्थन मूल्य 8,682 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। अब तक जिले में 80,275 किसानों ने पंजीयन कराया है, इसके बावजूद केंद्रों पर पंजीयन के लिए किसानों की भीड़ उमड़ रही है। जिले में इस वर्ष 2.90 लाख हेक्टेयर में मूंग की बोवनी हुई थी। रविवार तक 2 लाख 31 हजार 275 हेक्टेयर का पंजीयन हो चुका है। 7,010 किसानों ने स्लॉट बुकिंग भी कर ली है। खरीदी की जिम्मेदारी मार्कफेड को सौंपी गई है, जो 8,682 रुपए प्रति क्विंटल की दर से मूंग खरीदेगा। बारिश से बचाव के लिए वेयरहाउस में होंगे सभी केंद्र
बारिश से फसल को नुकसान से बचाने के लिए सभी खरीदी केंद्र गोदामों (वेयरहाउस) में ही बनाए गए हैं, जिससे मूंग को खेत से सीधे केंद्र तक लाकर बिना परिवहन के गोदाम में ही संग्रहित किया जा सके। प्रत्येक केंद्र पर किसानों के बैठने और मूंग से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को खड़ा करने के लिए तिरपाल या शेड की व्यवस्था की जा रही है। भंडारण व्यवस्था में भी बदलाव
इस बार मूंग की बोरियों की सिलाई कत्थई रंग के धागे से की जाएगी और उन पर काले रंग के टैग लगाए जाएंगे, ताकि उनकी पहचान स्पष्ट बनी रहे। विपणन संघ को बारदानों की आपूर्ति शुरू हो चुकी है। पंजीयन की तारीख बढ़ाने और केंद्रों की संख्या बढ़ाने की मांग
वर्तमान में खरीदी के लिए जिले में 68 केंद्र बनाए गए हैं। किसान संगठनों ने यह संख्या बढ़ाकर 100 से अधिक करने की मांग की है। उनका कहना है कि खरीदी केवल बड़े प्लेट वाले वेयरहाउस पर ही की जाए, ताकि फसल सुरक्षित रह सके। वहीं, कई किसानों ने पंजीयन की तारीख 10 जुलाई तक बढ़ाने की मांग की है। गिरदावरी में नाम न होने से किसान परेशान
कुछ किसानों को गिरदावरी रिकॉर्ड में मूंग नहीं दर्शाए जाने के कारण पटवारी और पंजीयन केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। छोटे किसानों का कहना है कि उन्हें मजबूरी में मूंग सस्ते दामों पर बेचना पड़ा, ताकि कर्ज चुकाया जा सके। ऐसे किसानों की समस्या के समाधान की भी मांग की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0