PM मोदी से CM साय ने की 'बस्तर की बात':बोले-हमने हाथों से बंदूकें छीनकर गेंद थमाई, नड्डा बोले-नक्सलवाद को परास्त करने लगाई पूरी ताकत
दिल्ली में पीएम मोदी ने भाजपा और एनडीए शासित 19 राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की मीटिंग ली। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को लेकर बातचीत हुई। सीएम विष्णुदेव साय ने सरकार की ओर से नक्सल प्रभावित इलाकों में चलाई जा रही पुनर्वास और पर्यटन की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, कैसे सरकार बस्तर में आम लोगों की जिंदगी को आसान कर रही है। CM बोले कि, हमने हाथों से बंदूकें छीनकर गेंद थमाई है। खबर है कि, पीएम मोदी ने सीएम साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा और अरुण साव की ओर से दी गई जानकारी को सराहा है। प्रेस ब्रीफ में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने बताया कि कैसे वहां नक्सलिज्म पर लड़ाई लड़ी जा रही है। वहां सफलता मिल रही है। गृहमंत्री विजय शर्मा जिस तरीके से नक्सल प्रभावित इलाकों में पुनर्वास की योजना चला रहे हैं। उससे प्रभावित होकर लोग मुख्यधारा में जुड़ रहे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रणनीति पर भी चर्चा की है। उनके मार्गदर्शन पर कार्य किए जा रहे हैं। बंदूक वाले हाथों में गेंद थमाया- सीएम PM नरेंद्र मोदी बस्तर में ओलंपिक आयोजन को लेकर प्रभावित दिखे। सीएम साय ने बताया कि, बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम का आयोजन किया गया। ‘खेलेगा इंडिया, जीतेगा इंडिया’ मंत्र को ध्यान में रखकर बस्तर ओलंपिक हुआ। यह अब सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि एक सामाजिक क्रांति बन चुका है। जिसने युवाओं के हाथों से बंदूकें छीनकर गेंद, भाला और तीर थमा दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि, इस आयोजन में 7 जिलों के 32 विकासखंडों से 1.65 लाख प्रतिभागियों ने भाग लिया। 3 चरण विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित यह प्रतियोगिता 11 पारंपरिक खेलों जैसे तीरंदाजी, खो-खो, कबड्डी, दौड़, रस्साकसी आदि पर केंद्रित थी। 4 श्रेणियों जूनियर, सीनियर, महिला और दिव्यांग में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पुनेन सन्ना ने व्हीलचेयर रेस में मेडल जीता मुख्यमंत्री साय ने दोरनापाल के पुनेन सन्ना का उदाहरण साझा किया, जो कभी नक्सल प्रभाव वाले क्षेत्र से थे, पर उन्होंने व्हीलचेयर रेस में मेडल जीता। बस्तर पंडुम उत्सव में 7 जिलों के 32 विकासखंडों की 1,885 ग्राम पंचायतों के 1,743 सांस्कृतिक दलों और 47,000 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। लोकनृत्य, गीत-संगीत, हाट-बाजार, पकवान प्रतियोगिताएं जैसे विविध रंगों से सजा यह उत्सव बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक को जोड़ते हुए बस्तर की एकता, पहचान और विकास का प्रतीक बन गया। सरकार ने 2.4 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि भी दी गई। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में इस आयोजन ने उत्सव और खेल के माध्यम से सकारात्मक भविष्य की नई चेतना जगाई है। CM ने PM को बताया कि, छत्तीसगढ़ में ‘सुशासन एवं अभिसरण विभाग’ का गठन कर योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। ‘अटल मॉनिटरिंग पोर्टल’ जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म से योजनाओं की निगरानी की जा रही है। जिससे शिकायतों का समाधान निर्धारित समय में संभव हो रहा है। सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया गया इस बैठक में CM ने बताया कि, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं को छत्तीसगढ़ में ग्रामसभा, जनसंवाद और तकनीक के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया गया है। PM का जातिगत जनगणना और ऑपरेशन सिंदूर पर फोकस बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि, जाति जनगणना उनकी सरकार के उस मॉडल की दिशा में एक कदम है। जिसके तहत वे हाशिए पर पड़े लोगों और हर क्षेत्र में पिछड़े लोगों को विकास की मुख्यधारा में लाएंगे।ऑपरेशन सिंदूर की सफलता इसकी पुष्टि करती है कि देश ने आत्मनिर्भरता की दिशा में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। स्वदेशी डिफेंस टेक्नोलॉजी ने सटीक निशाना लगाते हुए पाकिस्तान के ड्रोन-मिसाइल मार गिराए। पीएम मोदी ने भाजपा-NDA शासित राज्य सरकारों को गुड गवर्नेंस अपनाने का भी कहा है। ऑपरेशन सिंदूर और जनगणना को लेकर प्रस्ताव पास केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि, मीटिंग में ऑपरेशन सिंदूर और जनगणना को लेकर प्रस्ताव पास हुआ। मोदी 3.0 के एक साल पूरे होने, इंटरनेशनल योग डे 10 साल पूरे होने और देश में लगी इमरजेंसी के 50 साल पूरे होने जैसे कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार किया गया। उन्होंने कहा कि, पहला प्रस्ताव ऑपरेशन सिंदूर को लेकर था, जो प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चलाया गया। हमारी सेना के काम की खूब सराहना की गई। यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। हमने यह साफ कर दिया है कि हम जाति की राजनीति नहीं करते, बल्कि हमारा मकसद है कि जो लोग वंचित, पीड़ित और शोषित हैं, जिन्हें अब तक नजरअंदाज किया गया है, उन्हें मुख्यधारा में लाया जाए। यही समाज की जरूरत है। .......................................... इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए... PM मोदी ने थामा CM साय का हाथ:कहा- छत्तीसगढ़ की बात बाकी है, चंद्रबाबू नायडू और स्टालिन भी मुस्कुराए; ‘3T मॉडल’ पेश दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में शनिवार को नीति आयोग की बैठक हुई। गवर्निंग काउंसिल में देशभर के CM पहुंचे थे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी बैठक में शामिल हुए। इस दौरान अलग से PM मोदी और CM साय की मुलाकात हुई। पढ़ें पूरी खबर...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0