मंत्री विजय शाह के विवादित बयान पर भड़की कांग्रेस:महिला सैन्य अधिकारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी, कांग्रेस ने फूंका मंत्री का पुतला

May 14, 2025 - 18:41
 0  0
मंत्री विजय शाह के विवादित बयान पर भड़की कांग्रेस:महिला सैन्य अधिकारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी, कांग्रेस ने फूंका मंत्री का पुतला
भारतीय सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी और अन्य महिला सैन्य अधिकारियों पर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। भाजपा सरकार के मंत्री विजय शाह द्वारा दिए गए विवादास्पद बयान को लेकर मुरैना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और पुतला दहन कर मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा भारतीय सेना की महिला अधिकारियों को लेकर की गई विवादास्पद टिप्पणी के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोश फूट पड़ा। मंत्री पर आरोप है कि उन्होंने सेना की महिला अधिकारियों को आतंकवादियों की बहन कहकर संबोधित किया, जिसे कांग्रेस ने राष्ट्रविरोधी और सेना का घोर अपमान बताया है। बता दें कि, इस बयान के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी मुरैना द्वारा शहर के पुरानी कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मधुराज तोमर और शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक शर्मा ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री विजय शाह का पुतला फूंकते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांग की कि मंत्री को तुरंत मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। भारतीय सेना का नहीं सहेंगे अपमान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भारतीय सेना के सम्मान के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मंत्री के इस निंदनीय बयान पर अब तक न तो मुख्यमंत्री ने कोई प्रतिक्रिया दी है और न ही भाजपा ने कोई कार्रवाई की है, जो कि शर्मनाक है। इस विरोध-प्रदर्शन में कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए जिनमें राधारमण डंडोतिया, सत्यापाल कुशवाह, रघुनंदन कुशवाह, विनीत कंसाना, जितेन्द्र डंगस, सुनील शर्मा, हरीश पाठक, सुल्तान सिकरवार, गौरव चतुर्वेदी, अनिल गुर्जर, धर्मेन्द्र गुर्जर, ममता कुशवाह, रामू शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने मीडिया के माध्यम से राज्य सरकार से मांग की कि मंत्री विजय शाह के खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाए और उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त किया जाए, ताकि सेना का सम्मान अक्षुण्ण रहे और भविष्य में कोई जनप्रतिनिधि ऐसे अपमानजनक बयान देने का दुस्साहस न कर सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0