एशिया की पहली अखबारी कागज मिल में बढ़ेगा उत्पादन:बुरहानपुर की नेपा मिल में दूसरी पेपर मशीन शुरू, अब रोजाना 300 टन से ज्यादा होगा कागज उत्पादन

Jul 15, 2026 - 08:10
 0  0
एशिया की पहली अखबारी कागज मिल में बढ़ेगा उत्पादन:बुरहानपुर की नेपा मिल में दूसरी पेपर मशीन शुरू, अब रोजाना 300 टन से ज्यादा होगा कागज उत्पादन
बुरहानपुर जिले के नेपानगर स्थित एशिया की पहली अखबारी कागज मिल नेपा लिमिटेड ने उत्पादन बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार रात दूसरी पेपर मशीन भी शुरू कर दी गई। इसके साथ ही अब मिल की दोनों मशीनें संचालित हो रही हैं, जिससे कागज उत्पादन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। दोनों मशीनों से शुरू हुआ उत्पादन नेपा लिमिटेड में पहले एक पेपर मशीन से कागज उत्पादन शुरू हो चुका था। मंगलवार रात करीब 9 बजे दूसरी मशीन भी सफलतापूर्वक चालू कर दी गई। फिलहाल दोनों मशीनों से प्रतिदिन करीब 200 टन अखबारी कागज का उत्पादन हो रहा है। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले समय में दोनों मशीनें पूरी क्षमता से संचालित होने पर रोजाना 300 टन से अधिक कागज का उत्पादन करेंगी। कर्मचारियों ने आतिशबाजी कर मनाई खुशी दूसरी मशीन के शुरू होने की खुशी में नेपानगर सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी और सदस्य नेपा मिल के मुख्य द्वार पर एकत्रित हुए। उन्होंने मिल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक नरेश सिंह की मौजूदगी में आतिशबाजी कर इस उपलब्धि का स्वागत किया। कार्यक्रम में सौजन्य तिवारी, राजाराम पटेल, विजय भावसार, राजेंद्र जोशी, गजानन बारी, दिलीप जैसवाल, सुनील महाजन, रोहित भारद्वाज, नामदेव राय सिंह सहित कई पूर्व कर्मचारी शामिल हुए। टीम वर्क से मिली सफलता नेपा मिल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक नरेश सिंह ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पूरी टीम की मेहनत और समन्वय से दूसरी मशीन को शुरू करना संभव हो सका। उन्होंने बताया कि मिल की उत्पादन क्षमता लगातार बढ़ाई जा रही है, ताकि बाजार की मांग को पूरा किया जा सके। विदेशों से भी बढ़ रही मांग नरेश सिंह ने बताया कि नेपा न्यूज प्रिंट की मांग अब केवल देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी मिल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों मशीनों के पूरी क्षमता से संचालित होने के बाद उत्पादन बढ़ेगा, जिससे कंपनी की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और नेपा मिल एक बार फिर देश की प्रमुख अखबारी कागज उत्पादक इकाइयों में अपनी पहचान और मजबूत करेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0