डिंडौरी में ढाई घंटे बारिश, सड़कें बनी तालाब:नाली जाम होने से दुकानों में भरा पानी, व्यापारी बोले- नगरपालिका ने शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया
डिंडौरी में मंगलवार दोपहर एक बजे मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया। जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में लगभग ढाई घंटे तक झमाझम मूसलाधार बारिश हुई। इस पहली तेज बारिश ने ही नगर पालिका के सफाई दावों की पोल खोलकर रख दी। सड़कें पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गईं और कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो-तीन दिनों तक जिले में बारिश का यह दौर जारी रहेगा। दुकानों में घुसा गंदा पानी, व्यापारियों का फूटा गुस्सा वार्ड नंबर आठ में जलभराव की स्थिति इतनी खराब हो गई कि कई दुकानों के अंदर नाली का गंदा पानी घुस गया। यहां के व्यापारी राजकुमार रोहरा और राज किशोर गुप्ता ने नाराजगी जताते हुए बताया कि उन्होंने नगर पालिका में सीवर लाइन और नालियों की जाम पड़ी सफाई को लेकर कई बार शिकायतें की थीं, लेकिन अफसरों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। नतीजा यह हुआ कि बारिश होते ही नाली ओवरफ्लो हो गई और पानी सीधे उनकी दुकानों में भर गया। व्यापारियों और उनके कर्मचारियों को करीब डेढ़ घंटे तक दुकानों से पानी बाहर निकालना पड़ा, जिससे उनका काफी सामान भी खराब हो गया। इसी वार्ड में एक घर के सामने खड़ी मारुति वैन के चारों पहिए पानी में पूरी तरह डूबे नजर आए। चौपाटी के दुकानदार परेशान, अवंती बाई चौक पर बहा नाली का पानी परेशानी सिर्फ वार्ड आठ तक सीमित नहीं रही, बल्कि वार्ड नंबर पांच में स्थित चौपाटी के दुकानदार भी व्यवस्थाओं को लेकर रोते नजर आए। दुकानदार राहुल गुप्ता ने बताया कि जिला प्रशासन ने दो महीने पहले ही करीब बीस फास्ट फूड दुकानों को यहां शिफ्ट किया था। लेकिन यहां नालियों में पानी रुकने से मच्छर पनप रहे हैं और नगर पालिका ने कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं, जिससे बारिश में उनकी मुसीबत और बढ़ गई है। उधर, वीरांगना रानी अवंती बाई चौक के पास गंदी नाली का पानी तेजी से मुख्य सड़क पर बहता दिखा, जिससे राहगीरों को निकलने में दिक्कत हुई। पार्षद ने क्या कहा? इस अव्यवस्था को लेकर वार्ड नंबर चार के भाजपा पार्षद रजनीश राय ने सफाई दी कि एसबीआई बैंक के सामने से लेकर अवंती बाई चौक तक पूरा ढलान है। ढलान होने की वजह से ऊपर का पूरा पानी बहुत तेजी से नीचे आता है। उन्होंने कुछ स्थानीय लोगों के नालियां जाम किए जाने को भी इस जलभराव की बड़ी वजह बताया और दावा किया कि बारिश रुकने के आधे घंटे के भीतर पानी साफ हो जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0