रिकवरी एजेंट अपहरण, एक गिरफ्तार, आरक्षक फरार:दतिया में फाइनेंस कंपनी कर्मचारी को अगवा कर कट्टा अड़ाया, एसपी ने किया था सस्पेंड

May 8, 2026 - 22:02
 0  0
रिकवरी एजेंट अपहरण, एक गिरफ्तार, आरक्षक फरार:दतिया में फाइनेंस कंपनी कर्मचारी को अगवा कर कट्टा अड़ाया, एसपी ने किया था सस्पेंड
दतिया शहर में रिकवरी एजेंट के अपहरण, मारपीट और धमकी मामले में पुलिस ने फरार आरोपी जीतेंद्र कोरी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि वारदात में शामिल शिवपुरी जिले के दिनारा थाने में पदस्थ आरक्षक राजपाल मांझी अब भी फरार है। कोतवाली पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। शुक्रवार शाम पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों ने मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया था। घटना के समय आरोपी आरक्षक राजपाल मांझी दिनारा थाने में पदस्थ था। मामले के बाद तत्कालीन एसपी अमन सिंह राठौर ने उसे निलंबित कर दिया था। बाइक जब्ती को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस के अनुसार दतिया निवासी विजय रावत (21) एक फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट है। उसे 6 अप्रैल को एक बाइक जब्त करने का टास्क मिला था। बाइक बद्री बाथम के नाम फाइनेंस थी, लेकिन किस्तें जमा नहीं होने पर विजय ने सेंवढ़ा चुंगी क्षेत्र से बाइक जब्त कर जिला अस्पताल के सामने स्थित कार्यालय में जमा करा दी थी। इसी बात को लेकर आरोपियों और विजय के बीच विवाद शुरू हुआ। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे विजय रावत राधेश्याम एमपी ऑनलाइन सेंटर पर बैठा था। तभी सफेद बोलेरो में सवार छह लोग वहां पहुंचे। इनमें भाजपा नेता छोटू रायकवार उर्फ छोटू मांझी, उसका भाई और दिनारा थाने में पदस्थ आरक्षक राजपाल मांझी, बंटी मुसलमान समेत अन्य आरोपी शामिल थे। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए विजय के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए एमपी ऑनलाइन संचालक हिमांशु यादव को भी पीटा गया। इसके बाद दुकान में तोड़फोड़ कर कंप्यूटर, सीपीयू और लैपटॉप क्षतिग्रस्त कर दिए गए। कट्टा अड़ाकर बाइक वापस मांगते रहे आरोपियों ने विजय को जबरन बोलेरो में बैठाकर अगवा कर लिया। रास्ते में उसकी कनपटी पर कट्टा अड़ाकर जब्त बाइक वापस मंगाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपी विजय को करीब 7 किलोमीटर दूर उनाव रोड स्थित हमीरपुर तिराहे पर ले गए। इसी दौरान विजय का दोस्त आशु यादव वहां पहुंचा और उसे छुड़ाने की कोशिश की। आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और कट्टा तानकर धमकाया। आशु यादव ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी बोलेरो लेकर भाग निकले। पीछा करते हुए पुलिस भेड़पुरा होते हुए भांडेरी फाटक स्थित पंडा की नरिया तक पहुंची, जहां बोलेरो फंस गई। इसके बाद आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। मौके का फायदा उठाकर विजय पुलिस के पास पहुंच गया। पुलिस ने मौके से छोटू और उसके साथी बंटी को पकड़ लिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए थे। अपहरण से पहले महिला पर फायरिंग पुलिस जांच में सामने आया है कि अपहरण की घटना से करीब दो घंटे पहले छोटू मांझी, बंटी मुसलमान और जीतेंद्र कोरी ने मोहल्ले की एक महिला गिरजा देवी पर फायरिंग भी की थी। बताया जा रहा है कि पुलिस उस मामले में सक्रिय होती, उससे पहले आरोपियों ने रिकवरी एजेंट के अपहरण की दूसरी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। दिनारा थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि आरक्षक राजपाल मांझी गुरुवार सुबह ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुआ था। उसका व्यवहार पहले से संदिग्ध बताया जा रहा है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0