प्रभारी मंत्री ने आगर में की योजनाओं की समीक्षा:सड़कों की मरम्मत और गेहूं उपार्जन के निर्देश दिए; लापरवाही पर जताई नाराजगी

May 8, 2026 - 22:02
 0  0
प्रभारी मंत्री ने आगर में की योजनाओं की समीक्षा:सड़कों की मरम्मत और गेहूं उपार्जन के निर्देश दिए; लापरवाही पर जताई नाराजगी
अनुसूचित जाति कल्याण एवं जिला प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान शुक्रवार को आगर-मालवा दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जल जीवन मिशन और किसानों से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। पाइपलाइन के बाद खुदी सड़कों की होगी मरम्मत मंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने एलएनटी कंपनी द्वारा सड़क सुधार कार्य में देरी पर असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को बारिश से पहले अनिवार्य रूप से मरम्मत कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। किसानों की तुलाई और भुगतान प्राथमिकता गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि किसानों की उपज की समय पर तुलाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भुगतान प्रक्रिया में कोई देरी नहीं होनी चाहिए। बैठक में पेयजल, विद्युत योजनाओं और हैंडपंप सुधार कार्यों की भी प्रगति जांची गई। संगठन की मजबूती और बूथ सक्रियता पर चर्चा प्रभारी मंत्री के नेतृत्व में भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और आगामी प्रशिक्षण वर्ग के आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कलेक्टर ने दी विकास कार्यों की जानकारी समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर प्रीति यादव ने जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और अधोसंरचना कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक मधु गेहलोत और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0