इंदौर एजुकेशन ब्रीफ:एमपीपीएससी: 385 पदों के लिए 13 मई से डेंटल सर्जन इंटरव्यू; डीएवीवी: मई से पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया शुरू
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने लंबे इंतजार के बाद डेंटल सर्जन भर्ती के इंटरव्यू की तारीख घोषित कर दी है। 13 मई से इंटरव्यू शुरू होंगे। अधिसूचना जारी होने के करीब 16 महीने बाद यह प्रक्रिया शुरू हो रही है। चार महीने पहले रिजल्ट जारी होने के बाद से अभ्यर्थी इंटरव्यू का इंतजार कर रहे थे। अब 385 पदों के लिए 427 उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होंगे। नियम के अनुसार 3 गुना यानी करीब 1150 उम्मीदवारों को बुलाया जाना था, लेकिन योग्य अभ्यर्थी पर्याप्त संख्या में नहीं मिले। पीएससी के ओएसडी डॉ. रवींद्र पंचभाई के अनुसार लगातार इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की डेंटल सर्जन भर्ती में कुल 385 पद हैं, जिनके लिए 427 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है। इस भर्ती परीक्षा का रिजल्ट 1 दिसंबर 2025 को जारी हुआ था, जबकि परीक्षा 12 अक्टूबर 2025 को आयोजित की गई थी। कैटेगरी वाइज पदों की बात करें तो अनारक्षित के 99, एससी के 58, एसटी के 98, ओबीसी के 92 और ईडब्ल्यूएस के 38 पद शामिल हैं। वहीं आयोग के पास अन्य कई इंटरव्यू भी पेंडिंग हैं, जिनमें असिस्टेंट प्रोफेसर के 1850 से ज्यादा पद, माइनिंग इंस्पेक्टर के 85 पद और असिस्टेंट मैनेजर के 68 पद शामिल हैं। मई से पीएचडी एडमिशन प्रक्रिया, डीईटी 21 जून को देवी अहिल्या विश्वविद्यालय मई के दूसरे सप्ताह से पीएचडी एडमिशन प्रक्रिया शुरू करेगा। इस बार भी एडमिशन डीईटभ् और नॉन-डीईटी फॉर्मूले से होंगे। डीईटी (पीएचडी एंट्रेंस टेस्ट) 21 जून को आयोजित होगी, जबकि नेट क्वालिफाइड उम्मीदवार बिना परीक्षा सीधे इंटरव्यू में शामिल हो सकेंगे। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में पीएचडी एडमिशन प्रक्रिया डीईटी और नॉन-डीईटी फॉर्मूले के तहत होगी। डीईटी उम्मीदवारों को परीक्षा के बाद इंटरव्यू देना होगा, जबकि नॉन-डीईटी (नेट क्वालिफाइड) अभ्यर्थी सीधे 1 जुलाई से शुरू होने वाले आरएसी इंटरव्यू में शामिल हो सकेंगे। इस बार कुल 500 से ज्यादा सीटों पर एडमिशन होंगे। नॉन-डीईटी के तहत कॉमर्स, मैनेजमेंट, फिजिक्स सहित 20 से ज्यादा विषय शामिल रहेंगे, जबकि डीईटी में इंजीनियरिंग के 13 विषयों में प्रवेश मिलेगा। पिछली प्रक्रिया में 300 से ज्यादा सीटें खाली रह गई थीं। इनमें मैनेजमेंट में 225 से ज्यादा और कॉमर्स में करीब 100 सीटें खाली थीं। वहीं कई विषयों में एक भी सीट उपलब्ध नहीं थी। पॉलिटिकल साइंस, हिस्ट्री, योग, संस्कृत समेत 12 विषयों में सीटें शून्य थीं, जबकि इन विषयों में सैकड़ों अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। सुबह 7 बजे पेपर, 8 छात्र 11 बजे पहुंचे; 2 दिन बाद मिलेगा मौका देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में बीकॉम थर्ड ईयर के पब्लिक फाइनेंस पेपर के दौरान समय को लेकर गड़बड़ी सामने आई। यह परीक्षा सुबह 7 से 10 बजे के बीच आयोजित की गई थी, लेकिन 8 छात्र 11 बजे परीक्षा देने पहुंचे, जिसके कारण वे पेपर से वंचित रह गए। दरअसल, सीयूईटी-पीजी के चलते यूनिवर्सिटी ने परीक्षा शेड्यूल में बदलाव किया था, लेकिन कुछ छात्रों को तारीख के साथ समय में हुए बदलाव की जानकारी नहीं मिल पाई, जिससे भ्रम की स्थिति बनी। ऐसा ही मामला एक दिन पहले भी सामने आया था, जब 20 छात्र समय की गफलत के कारण परीक्षा नहीं दे पाए थे। हालांकि बाद में यूनिवर्सिटी ने राहत देते हुए उन्हें 3 से 6 घंटे बाद अन्य छात्रों के साथ परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशेष तिवारी के अनुसार, कुल 45 हजार छात्रों में से केवल कुछ ही छात्र भ्रमित हुए थे, जिन्हें भविष्य को देखते हुए राहत प्रदान की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0