दतिया में बिना बारिश अंडरब्रिज जलमग्न:दीवारों का प्लास्टर उखड़ा, सीसी सड़क में गड्ढे; पंप लगाकर निकाला जा रहा पानी
दतिया जिले के सोनागिर, बड़ौनी और गंधारी में आमजन की सुविधा के लिए करोड़ों रुपए की लागत से बनाए गए रेलवे अंडरब्रिज बिना बारिश के गर्मी के मौसम में भी पानी से लबालब भरे हुए हैं। जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं और निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। वर्तमान में रेलवे विभाग द्वारा एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाकर पंप के जरिए पानी निकालने का काम किया जा रहा है, जिसमें हर महीने मोटी राशि खर्च हो रही है, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बड़ौनी अंडरब्रिज की स्थिति सबसे खराब, प्लास्टर उखड़ा जिले के सोनागिर, बड़ौनी और गंधारी क्षेत्रों में बनाए गए रेलवे अंडरब्रिजों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। बारिश के दिनों में यहां पानी भरना आम बात है, लेकिन अब बिना बारिश और खेतों में सिंचाई कार्य न होने के बावजूद जलभराव हो रहा है। इनमें बड़ौनी अंडरब्रिज की स्थिति सबसे अधिक खराब है। अंडरब्रिज की दीवारों का प्लास्टर उखड़ने लगा है और सीसी सड़क में भी जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने से गिर रहे लोग स्थानीय लोगों के मुताबिक, अंडरब्रिज में लगातार भरे पानी के कारण आवागमन बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई बार दोपहिया वाहन चालक पानी की गहराई का सही अंदाजा न लगा पाने के कारण गिर जाते हैं और चोटिल हो जाते हैं। गर्मी के दिनों में भी जलभराव की यह स्थिति लोगों के लिए हैरानी और परेशानी दोनों का कारण बनी हुई है। पानी निकालने में रेलवे हर महीने खर्च कर रहा मोटी राशि जलभराव की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेलवे विभाग की ओर से अस्थाई प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग ने पानी निकासी के लिए एक कर्मचारी की नियुक्ति की है, जो पंप और डीजल की मदद से लगातार पानी निकालने का काम कर रहा है। इस पूरी प्रक्रिया में रेलवे की हर महीने मोटी राशि खर्च हो रही है, फिर भी लोगों को इस समस्या से स्थायी रूप से निजात नहीं मिल पा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0