19 दुकानों पर यू-टर्न क्यों...:मेयर ने सील करवाई, विधायक ने कहा तो फिर खुलवाई; लगने लगा जाम
शहर के सबसे व्यस्त इलाके में से एक पंडरी में एक बार फिर से जाम लग रहा है। रोजाना बड़ी संख्या में शहरवासी पंडरी में पहुंचकर जाम में फंस रहे हैं। ऐसा इसलिए, क्योंकि 10 महीने बाद एक बार फिर से पंडरी कपड़ा मार्केट में मुख्य सड़क की ओर स्थित 19 दुकानों के शटर फिर से खोल दिए गए हैं। दुकानों के सामने गाड़ियों की बेतरतीब पार्किंग हो रही है और इसके चलते रोज सुबह से लेकर रात तक सड़क पर जाम लग रहा है। दरअसल, पंडरी कपड़ा मार्केट में मुख्य सड़क की ओर स्थित 19 दुकानों में अवैध तरीके से लगाए गए शटर और इसके चलते लगने वाले जाम के कारण जून 2025 को निगम प्रशासन ने सील कर दिया था। लेकिन रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा की अनुशंसा के बाद 12 मार्च को बैठक आयोजित कर निगम प्रशासन ने इसे फिर से खोलने का फैसला किया। इसके एक दिन बाद ही सील सशर्त हटाई गई। एक सप्ताह तक व्यापारियों ने शर्तों का पालन किया, लेकिन अब फिर से सड़क पर जाम के हालत हैं। इसके चलते इस मार्ग से गुजरने वाले लगभग 50 हजार से अधिक लोग जाम की समस्या से जूझने लगे। यह मार्ग देवेंद्रनगर, फाफाडीह सहित आसपास की करीब दो दर्जन कॉलोनियों के लिए प्रमुख आवागमन का रास्ता है। पीक आवर्स में यहां भारी जाम की स्थिति बनी रहती है। चर्चा ये भी...
केवल 10 महीने के भीतर ही सील की गई दुकानाें को खोलने को लेकर कई तरह की चर्चा है। एक चर्चा ये भी है कि इस मामले में कुछ कारोबारियों ने बड़ी रकम की लेनदेन की है। भीतर खुलते थे दरवाजे
आरडीए ने 1980 के दशक में पंडरी कपड़ा मार्केट को थोक बाजार के रूप में विकसित किया था। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से जो नक्शा पास हुआ था उसके अनुसार पूरा मार्केट कवर था और दुकानों के दरवाजे अंदर की ओर खुलते थे। साल 2000 के बाद मुख्य सड़क से लगी दुकानों के कारोबारियों ने सड़क की ओर की दीवार तोड़कर शटर लगा लिए और वहीं से दुकानें संचालित करने लगे। इससे ग्राहक सड़क पर ही वाहन खड़ा करने लगे। मुख्य मार्ग संकरा हो गया।
दुकान खोलने ये थी शर्त
12 मार्च को निगम कार्यालय में हुई बैठक में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, आयुक्त विश्वदीप, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थौरानी समेत पंडरी के व्यापारी मौजूद थे। दुकानों की सील खोलने से पहले शर्त रखी गई कि मुख्य सड़क की ओर दुकानों के शटर खोले जाएंगे, लेकिन सिर्फ शो-केस के लिए, दुकानों के सामने गाड़ियां पार्क नहीं होंगी और इसके लिए व्यापारियों को ही व्यवस्था बनानी होगी। और अभी ये हालात
भास्कर ने पिछले एक सप्ताह तक लगातार इस सड़क पर नजर रखी। इस दौरान देखा गया कि मुख्य सड़क की ओर फिर से दरवाजे खोल दिए गए हैं। यहीं से ग्राहकों को एंट्री दी जा रही है। दुकानों के बाहर ही गाड़ियां पार्क हो रही हैं। इसके कारण सड़क इतनी संकरी हो गई है कि एक समय में केवल एक कार ही गुजर पाती है। कई बार ई-रिक्शा द्वारा यात्रियों को उतारने या कारों के यू-टर्न लेने के दौरान 15 से 20 मिनट तक जाम की स्थिति बन जाती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0