अनूपपुर में मजदूरों से लूटपाट, बियर बोतल से धमकाया:हैदराबाद से लौटे मजदूरों से फोन-नकदी लूटी; चार आरोपी गिरफ्तार, एसपी ने जिलाबदर किया
अनूपपुर पुलिस ने हैदराबाद से मजदूरी कर लौट रहे दो मजदूरों के साथ हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए सोमवार को चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 8 मार्च की रात बियर की बोतल तोड़कर मजदूरों को जान से मारने की धमकी दी और उनसे कीमती मोबाइल व नकदी लूट ली थी। सुलभ शौचालय के पास घेराबंदी कर की लूट राकेश कुमार केवट निवासी बिजुरी अपने साथी चमनलाल के साथ ट्रेन से अनूपपुर पहुंचे थे। ट्रेन विलंब होने के कारण वे पुरानी सब्जी मंडी स्थित सुलभ शौचालय परिसर में गए थे। इसी दौरान धर्मेंद्र वंशकार, राज वंशकार, भीमसेन उर्फ भिम्मा और राहुल वंशकार ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने बियर की बोतल तोड़कर राकेश के पेट पर अड़ा दी और 19,000 रुपए का फोन और 1,400 रुपए नकद लूटकर बाइक से फरार हो गए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोचे आरोपी पीड़ित की शिकायत पर थाना अनूपपुर में बीएनएस की धारा 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी अरविंद जैन के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नगदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। आदतन अपराधियों को किया जाएगा जिला बदर पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से ही चोरी, मारपीट, अवैध उगाही और धमकी देने के कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने इन चारों आदतन अपराधियों को जिला बदर करने की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में धर्मेंद्र वंशकार (31), राज वंशकार (21), भीमसेन (31) और राहुल वंशकार (28) शामिल हैं। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी को न्यायालय के समक्ष पेश किया है। इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक पवन प्रजापति, संतोष वर्मा और अन्य आरक्षकों की मुख्य भूमिका रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0