गुना में प्रेमिका को चकमा देकर प्रेमी गायब:मंदिर में शादी की, स्टाम्प पर एग्रीमेंट किया; कोर्ट मैरिज करने की बात आई तो भाग गया युवक
शहर की कोतवाली इलाके की एक युवती को दो साल रिलेशनशिप में रहने के बाद उसका पार्टनर अचानक फरार हो गया। कपल ने स्टाम्प पर भी शादी करने के एग्रीमेंट किया था। युवती कई दिन से युवक से शादी करने का बोल रही थी, लेकिन इसी बीच युवक लापता हो गया। युवती ने SP ऑफिस में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली इलाके में रहने वाली युवती का पिछले दो वर्षों से अंकित चौहान नाम के युवक के साथ अफेयर था। युवती के माता पिता कुछ वर्षों पहले ग्वालियर शिफ्ट हो गए। युवती गुना में ही एक पार्लर पर काम करती है। युवक ने ही अपने घर के पास में युवती को किराए से कमरा दिला रखा है। दोनों उसमें साथ ही रहते थे। युवती युवक के लिए करवाचौथ का व्रत भी रखती है और उसके नाम का मंगलसूत्र भी पहनती है। आंखों में आंसू और दिल में दर्द समेटे हुए युवती ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह और अंकित पिछले दो साल से साथ रह रहे थे। विश्वास के तौर पर उन्होंने पूर्व में नोटरी पर दस्तावेज भी तैयार करवाए थे और मंदिर में भी शादी की रस्में पूरी की थीं, जिसकी तस्वीरें युवती ने साक्ष्य के तौर पर साझा की हैं। युवती के मुताबिक एक साल तक तो अंकित का व्यवहार ठीक रहा, लेकिन उसके बाद वह कोर्ट मैरिज की बात टालने लगा। अंकित ने उसे शहर की अन्नपूर्णा कॉलोनी में एक किराए का कमरा भी दिलाया था, जहां वे साथ रहते थे। युवती का आरोप है कि अंकित के परिजन, जो शासकीय सेवा में बताए जा रहे हैं, लगातार उस पर रिश्ता तोड़ने का दबाव बना रहे थे। मामले में नया मोड़ तब आया जब चार दिन पहले दोनों कोर्ट मैरिज करने वाले थे, लेकिन उससे ठीक पहले अंकित अचानक गायब हो गया। यह मामला पहले भी कई बार पुलिस थाने तक पहुंच चुका है, लेकिन इस बार युवती का सब्र टूट गया है। एसपी कार्यालय में अपने आंसू पोंछते हुए युवती ने दोटूक शब्दों में कहा कि अब वह उसे दोबारा कभी स्वीकार नहीं करेगी, बल्कि उसे उसके किए की सजा दिलाकर ही दम लेगी। युवती को संदेह है कि अंकित उसे पूरी तरह छोड़ने की नीयत से भाग गया है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच और युवक की तलाश शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0